पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र वाणिज्यिक उड़ानों के लिए गुरुवार आधी रात तक बंद रहेगा। पाकिस्तान के नागर विमानन प्राधिकरण ने ऐसे समय में यह घोषणा की, जब भारत के साथ तनाव के बीच कई अहम हवाईअड्डों पर उड़ाने रद्द होने के कारण हजारों यात्री फंस गए हैं। प्राधिकरण ने बुधवार को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र को मौजूदा सुरक्षा हालात के कारण बंद करने की घोषणा की।
पाकिस्तानी अखबार डॉन के अनुसार, बुधवार को बाद में एक अन्य ट्वीट में नागर विमानन प्राधिकरण ने कहा था कि वाणिज्यिक उड़ान सेवा आंशिक रूप से बहाल कर दी गई है, जिसकी शुरुआत कराची के जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से की गई। बाद में इस ट्वीट को हटा दिया गया था। गुरुवार की सुबह एक अन्य ट्वीट में प्राधिकरण उड़ानों की आंशिक बहाली के बयान से पीछे हट गया और उसने कहा कि हवाई क्षेत्र अब भी बंद है।
भारतीय वायुसेना ने पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर मंगलवार को हवाई हमले किए थे जिसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ा हुआ है। पाकिस्तान जाने वाली और वहां से आने वाली सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय एवं घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिसके कारण हजारों यात्री फंस गए है।