फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PAK-Afghanistan War News LIVE: पीएम शरीफ बोले- मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार; तालिबान ने आर्मी कैंप पर हमला किया

Fri, 27 Feb 2026 09:31 PM IST
Love Gaur वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

खास बातें

Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान पर तालिबान के हमले के बाद अब खुली जंग का एलान हो चुका है। पाकिस्तान की तरफ से काबुल और कंधार पर बमबारी की गई। पाकिस्तान ने ऑपरेशन 'गजब-लिल-हक' में 133 की मौत का दावा किया है। वहीं अफगानिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। अफगान सैनिकों ने सीमा पर हमले तेज कर दिए हैं। ऐसे में पढ़ें पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष से जुड़े सभी अपडेट्स सबसे पहले अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में...
विज्ञापन
पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच खुली जंग का एलान - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:42 PM, 27-Feb-2026

पाकिस्तान: अफगानिस्तान से संघर्ष पर फजलुर रहमान ने जारी किया बयान

जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (जेयूआई) के प्रमुक मौलाना फजलुर रहमान ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालात पर चिंता जताई। रहमान ने कहा कि हालात को और बिगड़ने से रोकने के लिए संयम, बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाना जरूरी है। जेयूआई प्रमुख की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पाकिस्तान की सुरक्षा चिंताएं सही हैं। उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लेकिन अफगानिस्तान की संप्रभुता और उसके अंदरूनी हालात का सम्मान होना चाहिए।

09:25 PM, 27-Feb-2026

फजलुर रहमान ने टकराव पर चिंता जताई, कहा- कूटनीतिक समाधान पर जोर दें दोनों देश

पाकिस्तान के राजनीतिक संगठन- जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (जेयूआई-एफ) के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने भी दोनों देशों के टकराव पर चिंता जताई। मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए रहमान ने दोनों पक्षों से संयम, संवाद और कूटनीतिक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सुरक्षा संबंधी चिंताएं जायज हैं और उन्हें स्वीकार किया जाना चाहिए। अफगानिस्तान की संप्रभुता और उसकी आंतरिक चुनौतियों का भी सम्मान किया जाना चाहिए। दोनों पक्षों की भावनात्मक प्रतिक्रियाएं दोनों देशों के लिए जटिलताएं बढ़ा रही हैं। रहमान ने कहा कि दोनों सरकारों को संतुलित नजरिया अपनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत मानदंडों के मुताबिक  सक्रिय कूटनीतिक प्रयास करने चाहिए। एकतरफा सैन्य कार्रवाई से जटिलताएं बढ़ेंगी।

08:48 PM, 27-Feb-2026

अफगानिस्तान पाकिस्तान के बीच वार्ता की खबरें, भारत ने PAK को लिया आड़े हाथ

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच वार्ता की खबरें भी सामने आई हैं। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दोनों देशों के टकराव के बीच भारत ने पाकिस्तान को लिया आड़े हाथ लिया है। रमजान के महीने में हमले को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गत 22 फरवरी को ही बयान जारी कर दिया था। उन्होंने कहा, अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की भारत कड़ी निंदा करता है। इसमें महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिक मारे गए हैं। ऐसा करके पाकिस्तान की अपनी अंदरूनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और आजादी के प्रति अपना समर्थन दोहराता है।

विज्ञापन
08:05 PM, 27-Feb-2026

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच झड़प तेज, संयुक्त राष्ट्र ने की शांति की अपील

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। शुक्रवार को अफगानिस्तान में मानवाधिकारों की स्थिति पर नजर रखने वाले संयुक्त राष्ट्र के पदाअधिकारी रिचर्ड बेनेट ने शांति की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तनाव में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें अफगान नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'मैं एक बार फिर शांति बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार तथा मानवीय कानूनों, विशेषकर नागरिकों की सुरक्षा का सम्मान करने की अपील करता हूं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मौजूदा तनाव दुर्भाग्यवश हिंसा में बदल गया है। तत्काल तनाव कम करना आवश्यक है।'

गौरतलब है कि दोनों देश लंबे समय से सीमा संघर्ष में उलझे हुए हैं। सबसे हालिया टकराव में पाकिस्तान ने गुरुवार रात अफगानिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन गजब लिल-हक' शुरू किया है। इस ऑपरेशन में काबुल, पक्तिया और कंधार में कई सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। अफगानिस्तान ने भी शुक्रवार को पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए।

टकराव बढ़ने से उपजी चिंताओं के बीच संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने भी सीमा पर झड़पों और घातक हवाई हमलों के बीच अफगानिस्तान और पाकिस्तान से संवाद की अपील की। उन्होंने गुरुवार को कहा, 'यह स्थिति बल प्रयोग बढ़ाने के बजाय तत्काल राजनीतिक संवाद की मांग करती है।'

07:25 PM, 27-Feb-2026

टकराव से बढ़ी चिंता के बीच अफगानिस्तान की दो टूक- हमने संप्रभुता पर हमले का जवाब दिया

पाकिस्तान के साथ टकराव के बीच बढ़ी चिंताओं के बीच अफगानिस्तान ने दो टूक जवाब दिया है। कतर के साथ बातचीत के दौरान अफगानिस्तान ने कहा, हमने संप्रभुता पर हमले का जवाब दिया है। गोलाबारी के बीच अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी ने कतर के विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलअजीज अल-खुलैफी से फोन पर बात की। समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक टोलो न्यूज ने विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के हवाले से कहा, बातचीत के दौरान मुत्तकी ने क्षेत्रीय मुद्दों, खासकर इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान और पाकिस्तान के सैन्य शासन के बीच हाल की झड़पों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और रक्षा सेनाओं ने हालिया कार्रवाई अफगानिस्तान की संप्रभुता, हवाई क्षेत्र और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा को ध्यान में रखते हुए की है। तय किए गए लक्ष्यों पर सफल सैन्य कार्रवाई की गई।

विज्ञापन
06:55 PM, 27-Feb-2026

पाकिस्तानी सेना ने 274 लोगों को मार गिराने का दावा किया

पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के खेमे में 274 लोगों को मार गिराने का दावा किया है। डॉन की रिपोर्ट में सैन्य प्रवक्ता (डीजीआईएसपीआर) के हवाले से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई।

06:27 PM, 27-Feb-2026

पाकिस्तान की गीदड़भभकी, कहा- हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देंगे

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भारी तनाव जारी है। दूसरी तरफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही है। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शरीफ ने लिखा, पाकिस्तान के लोग और सुरक्षा बल देश की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हमेशा तैयार हैं। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने पक्का इरादा कर लिया है कि वे किसी भी हालत में देश की शांति और सुरक्षा को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। हमारी सेना में किसी भी हमलावर इरादे को धूल में मिलाने की पूरी काबिलियत है।

शरीफ ने कहा, सेना के प्रमुख और रक्षा बलों के प्रमुख, फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर के नेतृत्व में, पाकिस्तानी सुरक्षा बल जोश के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सेना व्यवसायिक क्षमता, उच्च प्रशिक्षण और असरदार डिफेंसिव रणनीति से लैस है और किसी भी अंदरूनी या बाहरी चुनौती से निपटने की पूरी काबिलियत रखती है। प्यारे वतन की रक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

05:41 PM, 27-Feb-2026

पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर हवाई हमला

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रात भर चली भारी लड़ाई के बाद पाकिस्तान ने हवाई हमले किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी सैन्य प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि 22 अफगान सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार रात से अब तक 12 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि 274 तालिबान अधिकारियों और लड़ाकों को मार गिराया गया है।

04:50 PM, 27-Feb-2026

तालिबान का दावा: अफगान हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी विमान

अफगानिस्तान में तालिबान सरकार ने कहा है कि पाकिस्तानी विमान उनके हवाई क्षेत्र के ऊपर उड़ रहे थे। समाचार एजेंसी एएफपी ने यह जानकारी दी है।

03:33 PM, 27-Feb-2026

तालिबान का ड्रोन हमले का दावा, पाकिस्तान ने नकारा

पाकिस्तान में अफगान तालिबान ने ड्रोन से हवाई हमले करने का दावा किया है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय और एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी दी कि उन्होंने पाकिस्तान में सैन्य ठिकानों पर ड्रोन से सफल हवाई हमले किए हैं। वहीं, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि आतंकियों ने ड्रोन का इस्तेमाल करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें एंटी-ड्रोन सिस्टम से मार गिराया गया और इसमें किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

03:09 PM, 27-Feb-2026

तालिबान का ड्रोन हमला नाकाम, सभी मार गिराए

पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने जानकारी दी है कि पाकिस्तानी तालिबान ने ड्रोन से हमले करने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि सभी ड्रोन को मार गिराया गया और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

01:57 PM, 27-Feb-2026

पाक-अफगान सीमा पर मोर्टार हमला, कैंप में अफरातफरी

पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तोरखम के पास ओमारी कैंप में रात भर हुए एक मोर्टार हमले के बाद डरावना और अफरातफरी का माहौल है। समाचार एजेंसी एएफपी से बात करते हुए एक 65 वर्षीय व्यक्ति गंदर खान ने बताया, "बच्चे, महिलाएं और बूढ़े लोग भाग रहे थे। मैंने खून देखा, हमले में दो-तीन बच्चे और दो-तीन महिलाएं घायल हुईं।" एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि दहशत के कारण कई बच्चे लापता हो गए और लोग डर के मारे अपने कागज, पैसे और सहायता राशि तक छोड़कर भाग गए।

01:14 PM, 27-Feb-2026

पाक-अफगान संघर्ष: दोनों तरफ से भारी नुकसान का दावा

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर जारी संघर्ष को लेकर दोनों तरफ से बड़े दावे किए जा रहे हैं। विभिन्न समाचार एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा है कि लड़ाई में 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 200 से ज्यादा घायल हुए हैं। वहीं, तालिबान सरकार ने अपने 8 लड़ाकों के मारे जाने और 11 के घायल होने की जानकारी दी है। तालिबान ने यह भी दावा किया है कि उसने 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और दो सैन्य ठिकानों समेत 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया है। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने केवल दो सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है।

12:59 PM, 27-Feb-2026

रूस ने की हमले रोकने की अपील

पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा विवाद पर रूस ने दोनों देशों से सीमा पार हमले तुरंत रोकने की अपील की है। रूसी विदेश मंत्रालय के हवाले से RIA न्यूज एजेंसी ने बताया कि रूस ने कहा है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान अपने मतभेदों को कूटनीति के जरिए सुलझाएं।

12:28 PM, 27-Feb-2026

पाकिस्तान-अफगानिस्तान तोरखम बॉर्डर पर फिर हिंसक झड़प

पाकिस्तान-अफगानिस्तान के तोरखम बॉर्डर पर दोनों देशों के बीच एक बार फिर हिंसक झड़प शुरू हो गई है। न्यूज एजेंसी एएफपी के पत्रकारों ने जानकारी दी है कि शुक्रवार सुबह से सीमा पर गोलीबारी और गोलाबारी हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले अफगान की तरफ से गोलाबारी की गई, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी।

12:25 PM, 27-Feb-2026

अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर पर जंग, भीषण गोलीबारी जारी

अफगानिस्तान-पाकिस्तान के तोरखम बॉर्डर पर दोनों देशों के बीच भीषण गोलीबारी और गोलाबारी जारी है। न्यूज एजेंसी एएफपी के पत्रकारों ने बताया कि शुक्रवार सुबह से ही सीमा पर अफगानिस्तान की तरफ से गोलाबारी की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद झड़पें फिर से शुरू हो गईं। इस लड़ाई में सीमा के पास बने ओमारी कैंप को भी निशाना बनाया गया, जिससे लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। एक चश्मदीद के मुताबिक, हमले में कई बच्चे और महिलाएं घायल हुई हैं।

10:57 AM, 27-Feb-2026

ईरान ने की मध्यस्थता की पेशकश

पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने इस्लामाबाद और काबुल के बीच बातचीत को सुविधाजनक बनाने में मदद की पेशकश की है। एक्स पर एक पोस्ट में ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा, 'रमजान के पवित्र महीने में, जो आत्मसंयम और एकजुटता को मजबूत करने का महीना है, यह उचित है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान अच्छे पड़ोसी संबंधों के ढांचे के भीतर और संवाद के मार्ग के माध्यम से अपने मौजूदा मतभेदों का प्रबंधन और समाधान करें।"

अराघची ने आगे कहा,'इस्लामिक गणराज्य ईरान दोनों देशों के बीच संवाद को सुगम बनाने और समझ और सहयोग को मजबूत करने में किसी भी प्रकार की सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।' पिछले साल कतर ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच युद्धविराम कराने में मध्यस्थता की थी, और सीमा पर छिटपुट उल्लंघन की घटनाओं के बावजूद यह व्यवस्था काफी हद तक कायम रही।

10:53 AM, 27-Feb-2026

पाकिस्तान ने निशाना बनाए गए ठिकानों की सूची जारी की

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार इस्लामाबाद के सरकारी प्रसारक पाकिस्तान टीवी ने दावा किया है कि हालिया हमलों में तालिबान के कई ठिकाने 'नष्ट' कर दिए गए हैं। साथ ही सूची भी जारी की है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

  • वली खान सेक्टर में तालिबान की एक चौकी पर हमले की खबर।
  • शावल सेक्टर के पास पक्तिका में एक अन्य चौकी को निशाना बनाया।
  • बाजौर क्षेत्र में तालिबान के ठिकानों को भी नष्ट करने का दावा।
  • अंगूर अड्डा में स्थित चौकियों को प्रभावित स्थानों की सूची में शामिल।

10:52 AM, 27-Feb-2026

पाकिस्तानी जेट विमानों की गश्त

पाकिस्तान की मीडिया के अनुसार तालिबान के ठिकानों पर हवाई हमलों के बाद पाकिस्तानी वायु सेना के जेट विमान अफगानिस्तान के कंधार के आसमान में गश्त कर रहे हैं। पाकिस्तान के डॉन अखबार ने सरकारी प्रसारक पीटीवी न्यूज के हवाले से बताया कि हमले किए जाने के बाद हवाई गश्त शुरू हुई।

09:28 AM, 27-Feb-2026

पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग: घायलों का अस्पताल में इलाज 

पाकिस्तान के काबुल में हवाई हमलों के बाद घायल नागरिकों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए एक वीडियो सामने आया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक्स पर वीडियो साझा किया है।
 

08:47 AM, 27-Feb-2026

पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराने का दावा

अफगानिस्तान में एक पाकिस्तानी फाइटर जेट को मार गिराए जाने का दावा किया है। अफगानिस्तान की टोलो न्यूज ने दावा किया कि तालिबान सेना ने पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। हालांकि यह साफ नहीं किया गया कि यह कौन सा विमान था।

08:41 AM, 27-Feb-2026

PAK-Afghanistan War: काबुल के जवाबी हमले शुरू

काबुल और कंधार सहित प्रमुख शहरों पर हवाई हमले के कुछ घंटों बाद अफगानिस्तान ने साझा सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों पर नए सिरे से हमले शुरू कर दिए। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि यह कार्रवाई उन हमलों के सीधे जवाब में की गई।

08:39 AM, 27-Feb-2026

अब तक क्या-क्या हुआ ?

  • पाकिस्तान ने काबुल और कंधार सहित अफगानिस्तान के प्रमुख शहरों पर हवाई हमले किए, जिससे तालिबान सरकार की ओर से नई जवाबी कार्रवाई शुरू हो गई।
  • अफगान सेना ने पाकिस्तानी सैनिकों पर सीमा पार हमले किए, जिन्हें उन्होंने पहले हुए घातक हवाई हमलों की जबावी कार्रवाई बताई।
  • काबुल ने दावा किया कि डूरंड लाइन के साथ चार घंटे के अभियान में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। दावा किया कि दो बेस और 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया।
  • तालिबान सरकार ने यह भी कहा कि नंगरहार में एक शरणार्थी शिविर पर मिसाइल हमले में आठ अफगान लड़ाके मारे गए और 11 घायल हो गए। आरोप लगाया कि 13 नागरिक घायल हुए।
  • पाकिस्तान ने इन आंकड़ों पर आपत्ति जताई सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कथित तौर पर कहा कि केवल दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और तीन घायल हुए।
  • पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार इस्लामाबाद ने दावा किया है कि कम से कम 133 अफगान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए, और कहा कि 27 अफगान चौकियों को नष्ट कर दिया गया और नौ पर कब्जा कर लिया गया।
  • पाकिस्तान ने ऑपरेशन गजब-लिल-हक शुरू किया, जिसे उसने सीमा चौकियों पर तालिबान के कथित हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई बताया।
  • रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुली जंग की घोषणा करते हुए कहा कि हमारे धैर्य की सीमा समाप्त हो गई है। अब हमारे और आपके बीच खुला युद्ध है।
  • प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान की सेनाओं में किसी भी आक्रामक मंसूबों को कुचलने की क्षमता है, जबकि गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने हमलों को करारा जवाब बताया।
  • संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत नागरिकों की रक्षा करने और कूटनीति के माध्यम से मतभेदों को सुलझाने का आग्रह किया।

07:33 AM, 27-Feb-2026

PAK-Afghanistan War News LIVE: पीएम शरीफ बोले- मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार; तालिबान ने आर्मी कैंप पर हमला किया

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहा तनाव अब जंग में बदल चुकी है। अफगानिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान ने खुले युद्ध की घोषणा कर दी है। दोनों तरफ से बमबारी हो रही है। अफगानिस्तान के हमले के बाद तिलमिलाए पाकिस्तान ने युद्ध का एलान करते हुए काबुल और कंधार पर बमबारी की। जिसके बाद अफगान सैनिकों ने भी सीमा पर हमले तेज कर दिए हैं।

ऑपरेशन 'गजब लिल-हक' चलाया
पाकिस्तान ने इस ऑपरेशन का नाम 'गजब लिल-हक' दिया है। पाकिस्तान सेना की यह कार्रवाई अफगानिस्तान के हमले और 55 पाकिस्तानी सैनिक के मारने के बाद की गई है। जिसमें दो बेस और 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया। ऐसे में अब दोनों पक्षों के बीच संघर्ष तेज हो गया है। पाकिस्तानी सेना ने करीब दो घंटे तक एयर स्ट्राइक की। जिसके जवाब में तालिबान ने भी सीमा चौकियों पर बड़े हमले शुरू किए हैं।

तालिबान के 27 ठिकाने नष्ट
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने पुष्टि की है कि 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 200 से अधिक घायल हुए हैं। जियो न्यूज के अनुसार इन अभियानों में तालिबान के 27 ठिकाने नष्ट कर दिए गए हैं और नौ ठिकानों पर कब्जा कर लिया गया है।

एआरवाई न्यूज के अनुसार, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने चित्राल, खैबर, मोहम्मंद, कुर्रम और बाजौर जिलों सहित कई सीमावर्ती क्षेत्रों में जवाबी कार्रवाई की और कई अफगान तालिबान चौकियों को नष्ट कर दिया। इससे पहले तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा था कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ हिस्सों में हवाई हमले किए।एक्स पर एक पोस्ट में मुजाहिद ने कहा, 'कायर पाकिस्तानी सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ इलाकों में हवाई हमले किए हैं; किस्मत से, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।'

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें