पाकिस्तान के कराची शहर में बुधवार को एक कट्टरपंथी इस्लामिक पार्टी की रैली में ग्रेनेड हमले में कम से कम 40 लोग घायल हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रक पर उस वक्त हथगोला फेंका जब ट्रक कराची के गुलशन-ए-इकबाल क्षेत्र से गुजर रहा था और यह जमात-ए-इस्लामी रैली का मुख्य आकर्षण था।
प्रतिबंधित सिंधूदेश रिवोल्यूशनरी आर्मी (एसआरए) ने इस हमले की सोशल मीडिया के जरिए जिम्मेदारी ली। सिंध के स्वास्थ्य मंत्री के मीडिया समन्वयक मीरान यूसुफ ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है।
यूसुफ ने कहा कि ‘‘अधिकतर लोगों को मामूली चोट आई थीं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।’’ जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख सिराज उल हक ने इसे कायरतापूर्ण हमला करार दिया।
पूर्वी कराची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक साजिद सदोजाई ने कहा कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने रैली में एक आरजीडी-1 ग्रेनेड फेंका और भाग गए। हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है।
यह घटना एक मस्जिद के पास हुई, धमाके से पास में खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए। घटना के बाद सुरक्षाबलों की भारी टुकड़ी घटना स्थल पर पहुंची। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट से भगदड़ मच गई और घटनास्थल पर मौजूद पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।