अमेरिका में अगले महीने राष्ट्रपति चुनाव होने वाला है। इस चुनाव को लेकर रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला हैरिस के बीच कांटे की टक्कर है। इस बीच ट्रंप ने अमेरिका के सहयोगी देशों को लेकर एक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दुश्मनों से ज्यादा सहयोगियों ने अमेरिका का फायदा उठाया है। सहयोगी से उनका मतलब यूरोपीय संघ से है।
ट्रंप ने कहा, "दुश्मनों से ज्यादा सहयोगियों ने हमारा फायदा उठाया। हमारा सहयोगी यूरोपीय संघ है। यूरोपीय संघ के साथ हमारा व्यापार घाटा 300 अरब अमेरिकी डॉलर का है। हमारे बीच व्यापारिक समझौते खराब थे। इस वजह से मुझे पूछना पड़ा कि ये समझौते करने वाले लोग कौन हैं? या तो वे बहुत मूर्ख है या फिर उन्हें इसके लिए पैसा मिल रहा है।"
ट्रंप ने कहा, "मैंने चीन पर 27.5 प्रतिशत का टैरिफ लगाया। अगर ऐसा नहीं करता तो हम चीनी कारों से भर जाते। हमारी सभी फैक्टरियां बंद हो जाती। ऑटो इंडस्ट्री में हमारे पास नौकरी नहीं होती। मैंने दक्षिण कोरिया पर टैरिफ लगाया।" रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार ने आगे कहा, "क्या आप जानते हैं कि हमारी कार कंपनियां छोटे ट्रक और एसयूवी से पैसा कमाती हैं। अगर मैंने टैरिफ हटा दिए तो आप परेशान हो जाएंगे। प्रत्येक कार कंपनी प्रतिस्पर्धा से बाहर हो जाएगी हम उन कंपनियों के लिए टैक्स को और कम करने जा रहे हैं जो अमेरिका में अपना उत्पाद बनाने जा रही हैं।
संबंधित वीडियो