अमेरिकी चुनाव प्रचार के बीच राष्ट्रपति और रिपब्लिकन प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप को उस वक्त असहज हालातों का सामना करना पड़ा जब वे जस्टिस रूथ बदर गिंसबर्ग को श्रद्धांजलि देने सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने न सिर्फ राष्ट्रपति के विरुद्ध नारेबाजी की बल्कि यहां तक कहा कि ट्रंप को हराने के लिए मतदान करें और उन्हें बाहर करें।
नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारियों ने कहा, राष्ट्रपति को हराने के लिए करें मतदान
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ सुप्रीम कोर्ट की सीढ़ियों पर शांत होकर खड़े रहे और नीचे सड़क पर उनके खिलाफ प्रदर्शन होता रहा। आमतौर पर फेस मास्क को नजरअंदाज करने वाले ट्रंप यहां पर मास्क पहने दिखाई दिए। ट्रंप ने कई बार गिंसबर्ग के ताबूत को देखा और आंखें बंद कीं। लेकिन लोग चिल्लाते रहे कि जस्टिस की आखिरी इच्छा का सम्मान करें। बता दें कि गिंसबर्ग ने कहा था कि उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति नई सरकार को करना चाहिए।
लेकिन ट्रंप अपनी महत्वाकांक्षा के लिए नए जज की नियुक्ति चुनाव पूर्व करने पर अड़े हुए हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने प्रदर्शनों की निंदा की है। हालांकि ट्रंप से जब नारेबाजी की बात पूछी गई तो उन्होंने कहा- मैंने कुछ नहीं सुना, हो सकता है मीडिया ने कुछ सुना हो।
स्वतंत्र व निष्पक्ष नतीजे मानेंगे ट्रंप : व्हाइट हाउस
ट्रंप द्वारा चुनाव हारने की स्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से सत्ता हस्तांतरण न करने के बयान के बाद व्हाइट हाउस ने कहा है कि यदि देश में राष्ट्रपति पद के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव होते हैं, तो देश के वे चुनाव नतीजे स्वीकार करेंगे। प्रेस सचिव केली मेकनैनी ने कहा, मुझे लगता है कि यदि आप यह प्रश्न डेमोक्रेटिक पार्टी से पूछे, तो बेहतर होगा, क्योंकि उसके नेता पहले ही कह रहे हैं कि वे नतीजे नहीं मानेंगे।
सर्वे : देश में बिडेन आगे, राज्यों में कड़ी टक्कर
अमेरिका में रायटर/इप्सोस के जनमत सर्वेक्षणों में बताया गया है कि डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बिडेन को राष्ट्रपति ट्रंप के मुकाबले तीन राज्यों में मामूली लीड मिल रही है जबकि तीन अन्य राज्यों में उन्हें कड़ी टक्कर मिल रही है। हालांकि अन्य राज्यों में भी दोनों में कड़ी टक्कर है लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर बिडेन जीतते दिखाई दिए। यह ऑनलाइन सर्वे इस माह के शुरुआत में हुआ जिसके नतीजे अब जाकर जारी हुए हैं।
बिडेन व कमला हैरिस ने साधा ट्रंप पर निशाना
लुइसविले में अश्वेत महिला ब्रोन टेलर की हत्या को लेकर जहां कई जगह उग्र प्रदर्शन जारी हैं वहीं डेमोक्रेट पार्टी के राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बिडेन और कमला हैरिस ने ट्रंप की नीतियों पर निशाना साधा है। उन्होंने टेलर की मौत के मामले में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अभियोग नहीं चलाने के अदालत के आदेश के मद्देनजर पुलिस व्यवस्था में सुधार की वकालत की।