तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) और सहयोगी देश तेल उत्पादन धीरे-धीरे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा कि वे मई से जुलाई के दौरान 20 लाख बैरल प्रतिदिन तक तेल उत्पादन बढ़ाएंगे।
धर्मेंद्र प्रधान ने की थी अपील
इससे पहले पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओपेक देशों से अपील की थी कि कच्चे तेल के दाम में स्थिरता लाने के लिये वह उत्पादन पर लागू बंदिशों को कम करें। उनका मानना था कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बढ़ते कच्चे तेल के दाम से आर्थिक क्षेत्र में आने वाला सुधार और मांग दोनों पर बुरा असर पड़ रहा है।
ओपेक देशों की बैठक के बाद भारत के आग्रह के बारे में पूछे गये सवाल पर सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलाजीज बिन सलमान ने कहा था कि भारत को पिछले साल काफी कम दाम पर खरीदे गये कच्चे तेल के भंडार में से कुछ तेल का इस्तेमाल कर लेना चाहिए।