अमेरिका के कोलोराडो में एक जन्मदिन समारोह के दौरान एक बंदूकधारी ने छह लोगों की हत्या करने के बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, कोलोराडो स्प्रिंग्स में एक घर के भीतर आधी रात के बाद गोलीबारी हुई। अधिकारियों को घटनास्थल पर छह लोग मृत और एक गंभीर रूप से घायल मिला जिसने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर पार्टी में मौजूद एक युवती का मित्र था। पार्टी में बच्चे भी शामिल थे। बंदूकधारी भीतर आया और उसने गोलीबारी करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। उसने बताया कि जिस व्यक्ति के लिए समारोह आयोजित किया गया था, गोलीबारी में उसकी भी मौत हो गई। बता दें कि अमेरिका में ‘गन कल्चर’ के चलते पिछले कुछ वर्षों में गोलीबारी की घटनाएं बड़ी तेजी से बढ़ी हैं। इस घटना को लेकर पड़ोसी येनिफर रेयेस ने बताया कि वह गोलियां चलने की आवाज सुनकर उठ गईं क्योंकि उन्हें लगा कि बिजली गिरी है। इसके बाद सायरन की आवाज आने लगी। पुलिस ने हमलावर की पहचान उजागर नहीं की है। जबकि अधिकारियों को फिलहाल हमले का कारण भी पता नहीं चल पाया है।
मैरिलैंड : तीन पड़ोसियों को मारकर हमलावर ने अपना मकान भी फूंका
अमेरिका के मैरिलैंड में एक व्यक्ति ने तीन लोगों की हत्या करने के बाद अपने ही घर में आग लगा दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, 56 वर्षीय एवर्टन ब्राउन एक पड़ोसी के घर में घुसा और उसने इस्माइल क्विंटानिला (41) को चाकू मारकर और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। सारा अलाकोटे (37) हमलावर से बचने के लिए अपने घर से बाहर भागी, लेकिन ब्राउन ने उसका पीछा किया और उसे कई गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौत हो गई। ब्राउन ने दो अन्य पड़ोसियों पर भी गोलियां चलाईं जिसमें एक पड़ोसी सागर घिमिरे (24) की मौत हो गई और दूसरे पीड़ित का उपचार चल रहा है।
फीनिक्स में होटल मे ंगोलीबारी
अमेरिका के फीनिक्स में एक होटल में रविवार को कहासुनी के बाद हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों को रात करीब साढ़े 12 बजे हयात रिजेंसी फीनिक्स होटल में गोलीबारी होने की जानकारी मिली ।
पुलिस ने कहा कि होटल में एक कार्यक्रम में शरीक होने पहुंचे 18 से 22 साल आयु वर्ग के लोगों के एक समूह के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।