ओमान की राजधानी मस्कट में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस बैठक को लेकर ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है। हमारे हमने अपने दृष्टिकोण एक-दूसरे तक पहुंचाए, जो बेहद जरूरी था।
ओमान के विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और पश्चिम एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ तथा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर से अलग-अलग मुलाकात की। पोस्ट के मुताबिक, बातचीत मुख्यत: राजनयिक और तकनीकी वार्ताओं को फिर से शुरू करने के लिए उपयुक्त परिस्थितियां तैयार करने पर केंद्रित थी, क्योंकि दोनों पक्ष स्थायी सुरक्षा और स्थिरता हासिल करने के लिए इनकी सफलता सुनिश्चित करने के वास्ते दृढ़ संकल्पित हैं।
ये भी पढ़ें: Islamabad Explosion: इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में धमाका; 31 की मौत, 169 लोग घायल
जून में वार्ता हो गई थी विफल
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच कई दौर की बातचीत पिछले साल जून में उस समय विफल हो गई थी, जब इस्राइल ने तेहरान पर हमला कर दिया था। दोनों देशों के बीच 12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान अमेरिका ने भी ईरान के परमाणु ठिकानों पर बम बरसाए थे, जिससे यूरेनियम संवर्द्धन के काम में जुटे कई सेंट्रीफ्यूज संभवत: नष्ट हो गए थे। वहीं, इस्राइली हमलों में ईरान की वायु रक्षा प्रणाली और बैलिस्टिक मिसाइल भंडार को निशाना बनाया गया था।
शुक्रवार को अमेरिकी अधिकारियों के काफिले को मस्कट के बाहरी इलाके में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित एक पैलेस में दाखिल होते देखा। काफिले में शामिल वाहनों में से एक पर अमेरिकी झंडा लहरा रहा था। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची का काफिला शुक्रवार सुबह मस्कट पहुंचे थे। ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल ने कहा कि अराघची ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी से मुलाकात के लिए मस्कट पहुंचे।