फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तर और दक्षिण कोरिया में फिर जंग की आहट?: बॉर्डर पर पहुंचीं किम जोंग उन की बहन, सिओल को दी खुली धमकी

Wed, 21 Oct 2026 03:39 PM IST
नितिन गौतम अमर उजाला डिजिटल

सार

उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ रहा है। दोनों देशों ने एक दूसरे को धमकी दी है। ताजा घटनाक्रम में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन ने अग्रिम मोर्चों का दौरा किया और वहां की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दक्षिण कोरिया को खुली धमकी दी। 
विज्ञापन
उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच जंग की आहट - फोटो : एआई जेनरेट इमेज
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और दोनों देश जंग की तरफ बढ़ रहे हैं। इसी बीच उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया से लगी सीमा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उन इलाकों का जायजा लिया, जहां उत्तर कोरियाई सैनिक सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर रहे हैं। किम यो जोंग ने चेतावनी दी कि अगर दक्षिण कोरिया ने सीमा पर चल रहे इस काम में किसी तरह की उकसावे वाली कार्रवाई की, तो उत्तर कोरिया उसका कड़ा जवाब देगा।
विज्ञापन


पिछले महीने की घटना से बढ़ा दोनों देशों में तनाव
दोनों देशों के बीच पिछले महीने हुई एक घटना के बाद से तनाव बढ़ा हुआ है। दरअसल, सीमा पर बारूदी सुरंगों में हुए धमाकों से दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए थे। दक्षिण कोरियाई सेना ने आरोप लगाया था कि ये सुरंगें उत्तर कोरिया की सेना ने बिछाई थीं। दक्षिण कोरिया ने इस महीने की शुरुआत में अमेरिका के नेतृत्व वाली संयुक्त राष्ट्र कमान के साथ जांच करने के बाद 21 सितंबर को सीमा पर हुए धमाकों के लिए औपचारिक रूप से उत्तर कोरिया को जिम्मेदार ठहराया था।

सिओल ने उत्तर कोरिया से इस घटना के लिए माफी मांगने और सीमा पर बिछाई गई बाकी बारूदी सुरंगों को हटाने की मांग की थी। हालांकि, उत्तर कोरिया ने इन धमाकों में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया था। साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर उसे उकसाया गया, तो वह कड़ी जवाबी कार्रवाई करेगा।
विज्ञापन


दक्षिण कोरिया के साथ सभी संबंध खत्म करना चाहते हैं किम जोंग उन
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के मुताबिक, किम यो जोंग ने मंगलवार को कोरियन पीपुल्स आर्मी के मार्शल पाक जोंग चोन के साथ सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया। पाक जोंग चोन उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के शीर्ष सैन्य अधिकारियों में शामिल हैं।

इस दौरान किम यो जोंग ने सीमा को मजबूत करने के काम को एक महान अभियान बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान किम जोंग उन की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत दक्षिण कोरिया के साथ सभी संबंधों को हमेशा के लिए खत्म करना है। किम जोंग उन पहले ही दक्षिण कोरिया को अपना सबसे बड़ा दुश्मन घोषित कर चुके हैं। अमेरिका के साथ कूटनीतिक बातचीत में जारी गतिरोध के बीच उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपना रुख और सख्त कर लिया है।

किम यो जोंग ने आरोप लगाया कि दक्षिण कोरियाई सेना सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रहे उत्तर कोरियाई सैनिकों पर चेतावनी के तौर पर गोलियां चला रही है और लाउडस्पीकर से चेतावनी दे रही है।

दक्षिण कोरिया ने भी दी सख्त जवाब की चेतावनी
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जिन योंग-सुंग ने भी किम यो जोंग की धमकी को बर्दाश्त से बाहर बताया। उन्होंने सेना को आदेश दिया कि उत्तर कोरिया की ओर से किसी भी संभावित उकसावे वाली कार्रवाई का सख्ती से जवाब दिया जाए।

उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच तनाव लगातार गहरा रहा
पिछले कुछ वर्षों में उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया से लगी सीमा पर सुरक्षा इंतजाम काफी बढ़ा दिए हैं। यहां बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं। इसके अलावा कंटीले तारों की बाड़, टैंक रोकने वाले बैरियर और दूसरे सुरक्षा ढांचे भी बनाए गए हैं। दोनों देशों की यह सीमा पहले से ही दुनिया की सबसे ज्यादा सैन्य तैनाती वाली सीमाओं में शामिल है।

दक्षिण कोरियाई सेना का कहना है कि इस साल सीमा पर सुरक्षा ढांचे बनाने के दौरान उत्तर कोरियाई सैनिक 50 बार सैन्य सीमांकन रेखा पार कर चुके हैं। ऐसे मामलों में दक्षिण कोरिया ने चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं और लाउडस्पीकर से चेतावनी दी। वहीं मंगलवार को सीमा के निरीक्षण के दौरान उत्तर कोरियाई मार्शल पाक जोंग चोन ने भी दक्षिण कोरिया पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया जानबूझकर, सोची-समझी रणनीति के तहत बेतुके दावे कर रहा है, ताकि दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव की जिम्मेदारी उत्तर कोरिया पर डाली जा सके। पाक ने चेतावनी दी कि दक्षिण कोरिया की किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का उत्तर कोरिया जबरदस्त जवाब देगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें