उत्तर कोरिया ने सोमवार को तीन अज्ञात मिसाइलें दागी हैं। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा परीक्षण है। दक्षिण कोरियाई सेना ने सोमवार को यह दावा किया है। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा, तीन मिसाइलों को दक्षिण हैमग्यांग प्रांत के सोंदोक इलाके से उत्तरपूर्वी दिशा में दागा गया।
दक्षिण कोरिया का दावा है कि उत्तर कोरिया ने सोमवार को जो तीन मिसाइल दागी हैं उनमें छोटी दूरी वाले दो बैलिस्टिक मिसाइल भी शामिल हैं जिन पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से प्रतिबंध लगा है।
जापान के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, उत्तर कोरिया द्वारा दागी गईं मिसाइलें बैलिस्टिक मिसाइल हो सकती हैं। हालांकि इसके कोई प्रमाण नहीं हैं कि इन मिसाइलों का कोई भी हिस्सा जापान के भूभाग या विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र की ओर आया हो।
जानकारों का मानना है कि यह अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच लंबे समय से अटकी परमाणु वार्ता का असर है। उत्तर कोरिया लगातार अपने हथियारों की क्षमताओं को परिष्कृत कर रहा है। हनोई शिखर सम्मेलन के दौरान किम जोंग उन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत के नाकाम रहने के एक साल बाद भी इस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है। उत्तर कोरिया ने पिछले साल कई हथियारों का सिलसिलेवार परीक्षण किया था। दिसंबर में स्टेटिक इंजन के परीक्षण किया गया था।
‘एकल ट्रांसपोर्टर इरेक्टर लॉन्चर (टीईएल) से तीन मिसाइलों का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण उत्तर कोरिया के छोटी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम में ‘एक नया मील का पत्थर’ साबित होगा।’
विज्ञापन
- अंकित पांडा, सीनियर फैलो, फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट