पाकिस्तान में बैठे आतंकी सरगना हाफिज सईद के खिलाफ दिल्ली की एक कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में आतंकी वित्त पोषण मामले में ईडी के आरोपों पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने वारंट जारी करने का निर्णय लिया।
ईडी की ओर से विशेष लोक अभियोजक नीतेश राणा ने कोर्ट को बताया कि आरोपियों ने जम्मू-कश्मीर में विध्वंसक एवं अलगाववादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आपराधिक साजिश रची। आरोपियों ने कार्यकर्ताओं का नेटवर्क स्थापित किया, जिसका वित्तपोषण हवाला के जरिए पाकिस्तानी एजेंसियों ने किया। इसमें विदेशों से भी चंदा जुटाया गया। कश्मीर घाटी में समस्याएं खड़ी करने और सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश के चलते सईद, हिज्बुल मुजाहिदीन के नेता सैयद सलाहुद्दीन एवं अन्य के खिलाफ एनआईए जांच के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने मुकदमा दर्ज किया था।