ब्राजील में पुलिस की छापेमारी के दौरान नौ लोगों की मौत हो गई। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि पुलिस का लक्ष्य आपराधिक संगठनों पर हमला करना था। घटना ब्राजील के रियो डी जनेरियो शहर की है।
विदेशी मीडिया के मुताबिक, शहर के गरीब फेवला इलाके में स्थित कॉम्लेक्सो दा पेन्हा में आपराधिक संगठनों को निशाना बनाना पुलिस का लक्ष्य था। बता दें, ब्राजील में पुलिस के छापे अकसर विवाद का कारण बनते हैं। कानून प्रवर्तन समर्थन नेता पुलिस की छापेमारी कार्रवाई को आपराधिक संगठनों से निपटने के लिए आवश्यक मानते हैं। वहीं विपक्षी नेता कार्रवाई का विरोध करते हैं। विदेशी मीडिया के मुताबिक, ब्राजील के पूर्व दक्षिणपंथी राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा था कि अपराधियों को कॉकरोच की तरह मरना चाहिए।
अमेरिकी एच1बी वीजा के लिए लॉटरी का दूसरा दौर पूरा
अमेरिकी एच1बी वीजा के लिए लॉटरी का दूसरा दौर पूरा हो चुका है। संघीय एजेंसी ने बताया कि इसमें सफल अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है। एच1बी एक गैर-प्रवासी कार्य वीजा है। अमेरिका उच्च पेशेवर विदेशी नागरिकों को अपने यहां की कंपनियों में काम करने के लिए यह वीजा प्रदान करता है। अमेरिका की प्रौद्योगिकी कंपनियां भारत व चीन के हजारों उच्च पेशेवरों की नियुक्ति के लिए इसी वीजा पर निर्भर हैं। आव्रजन सेवा ने मंगलवार को कहा, पंजीकृत आवेदनों में से पात्रों का रैंडम तरीके से चयन किया गया है।
भारत और ब्रिटेन के बीच एफटीए वार्ता का 12वां दौर 7 अगस्त से
भारत व ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) वार्ता का 12वां दौर 7 अगस्त से शुरू होगा। दोनों पक्ष बातचीत साल के अंत से पहले पूरी कर लेना चाहते हैं। नई दिल्ली में होने जा रही बैठक में दोनों देशों के मुख्य वार्ताकार शामिल होंगे। एक अधिकारी ने कहा कि इस दौर में जिन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हो सकती है, उनमें निवेश संधि, वाहन व शराब पर शुल्क में कटौती तथा सेवाओं से संबंधित मामले शामिल हैं। 11वें दौर की वार्ता पिछले महीने लंदन में हुई थी, जिसमें वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल तथा वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने भाग लिया था। एफटीए के कुल 26 अध्याय में से 19 पूरे हो चुके हैं। भारत व ब्रिटेन के बीच एक अलग समझौते के तौर पर निवेश पर बातचीत चल रही है और यह एफटीए के साथ ही संपन्न हो सकती है।
खस्ताहाल पाकिस्तान में महंगाई दर पहुंची 28 प्रतिशत के पार
बढ़ती महंगाई और अर्थव्यवस्था में गिरावट के बीच पाकिस्तान में जुलाई में महंगाई दर 3.46 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 28.3 प्रतिशत हो गई। पाकिस्तान के सांख्यिकी ब्यूरो के हवाले से एआरवाई न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि वित्त मंत्रालय ने जुलाई में महंगाई दर 25-27 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था। देश में आलू की कीमतों में 8.16 प्रतिशत, ताजी सब्जियों में 37.64 फीसदी, टमाटर में 33.45 व ताजे फलों की कीमतों में 17.90 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।