संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत निक्की हेली ने कहा है कि पाकिस्तान लगातार आतंकियों को शरण दे रहा है जो बदले में अमेरिकी सैनिकों को मार रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका को पाकिस्तान को तब तक एक डॉलर भी नहीं देने चाहिए जब तक कि वह इस मसले पर बात नहीं करता है। हेली भारतवंश की पहली ऐसी शख्स हैं जिन्हें किसी राष्ट्रपति के शासन में कैबिनेट पद पर नियुक्त किया गया है।
हेली का कहना है कि अमेरिका को उन देशों को पैसा नहीं देना चाहिए जो अमेरिका को नुकसान पहुंचा सकते हैं, हमपर पीछे से हमला कर सकते हैं और हमें कार्रवाई करने से रोक सकते हैं। उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि इसपर एक रणनीतिक दृष्टिकोण होना चाहिए कि हम किसके साथ साझेदारी कर रहे है, किसके साथ काम कर रहे हैं और फिर उस हिसाब से आगे बढ़ना चाहिए। मुझे लगता है कि हम बिना सोचे-समझे पैसे को जाने देते हैं बिना यह देखे कि इसका लाभ क्या है। हमें इसका प्रयोग करना चाहिए।'
निक्की ने कहा, 'मैं आपको एक उदाहरण देना चाहती हूं, पाकिस्तान को देखिए। उन्हें एक बिलियन डॉलर से ज्यादा पैसा देते हैं और वह लगातार आतंकियों को शरण दे रहा है जो बदले में हमारे सैनिकों को मार रहे हैं। इसे कभी सही नहीं कहा जा सकता। हमें उन्हें तब तक एक डॉलर भी नहीं देना चाहिए जबतक वह इसे ठीक न कर लें। उन बिलियन डॉलर का इस्तेमाल करें। यह कोई छोटी राशि नहीं है।'
इस साल के आखिर में हेली संयुक्त राष्ट्र के राजदूत के पद से हट जाएंगी। उनकी जगह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज की पूर्व पत्रकार हीथर नुआर्ट को चुना है। अक्तूबर में हेली ने घोषणा की थी कि वह साल के अतंक तक इस पद का त्याग कर देंगी। 46 साल की दक्षिणी कैरोलिना की राज्यपाल ने इस पद पर लगभग दो साल तक अपनी सेवा दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से कहना चाहिए कि आपकी मदद करने से पहले आपको हमारे यह काम करने होंगे ताकि आपकी सैन्य और आतंकवाद से लड़ाई के लिए मदद की जा सके।