न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्योमो
- फोटो : सोशल मीडिया
यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना करने रहे न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्योमो ने पहली बार इस बात को स्वीकार किया कि महिलाओं के साथ उनके व्यवहार के गलत मायने निकालकर उसे छेड़खानी समझ लिया गया। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न के मामले में उनके खिलाफ जारी जांच में वह सहयोग करेंगे। क्योमो ने इसके लिए माफी मांगी है।
अपनी पार्टी द्वारा भी आलोचना का सामना कर रहे डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता क्योमो ने एक बयान में कहा कि उन्होंने कभी किसी को गलत तरीके से नहीं छुआ और ना ही कभी किसी को यौन संबंध बनाने का प्रस्ताव दिया, लेकिन उन्होंने कहा कि वे लोगों को चिढ़ाने के लिए उनकी निजी जिंदगी को लेकर मजाक किया करते थे।
उन्होंने कहा, मुझे अब समझ में आ गया है कि मेरी कुछ बातें असंवेदनशील या काफी निजी थी और इसलिए मेरी कुछ टिप्पणियों का लोगों ने वह मतलब निकाल लिया, जो मेरी मंशा नहीं थी। मैं इस बात को स्वीकार करता हूं कि मेरी कही कुछ बातों के गलत मायने निकालकर उसे छेड़खानी समझ लिया गया। अगर किसी को भी ऐसा लगा हो, तो मैं उसके लिए माफी चाहता हूं।
पूर्व कर्मचारी ने लगाए आरोप
यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे एंड्रयू क्योमो के खिलाफ एक दिन पहले ही उनके प्रशासन की एक और पूर्व कर्मचारी शेर्लोट बेनेट ने उत्पीड़न के आरोप लगाए। इससे पहले क्योमो की पूर्व सहयोगी लिंडसी बोयलैन ने भी उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।