न्यू जर्सी के गवर्नर फिल मर्फी ने राज्य में विकास और सांस्कृतिक विविधता में अमेरिकी सिखों के योगदान की सराहना की। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित एक समारोह में सिख पगड़ी पहनकर मर्फी ने ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के साथ अपने भाषण की शुरुआत की।
अमेरिका के इतिहास में पहले सिख-अमेरिकी अटॉर्नी जनरल और न्यू जर्सी राज्य के 61वें अटॉर्नी जनरल गुरबीर सिंह ग्रेवाल ने सितंबर में टेक्सास में ड्यूटी के दौरान मारे गए दिवंगत भारतीय-अमेरिकी पुलिस अधिकारी संदीप सिंह धालीवाल का हवाला देते हुए सिख समुदाय की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ‘धालीवाल ने अपने समुदाय की रक्षा की और अन्यों की सेवा में अपने जीवन का बलिदान कर दिया। इस त्रासदी में पूरी दुनिया ने देखा कि हम बतौर सिख जानते है कि गुरु नानक ने हमें क्या सिखाया।’ इस समारोह का आयोजन शनिवार को सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स ग्लोबल (एसएसीसी) के सहयोग से ‘लेटस शेयर ए मील’ द्वारा किया था।