ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारतीय मूल की प्रीति पटेल को अपने कैबिनेट में अहम जगह देते हुए गृह मंत्री बनाया है। प्रीति ब्रिटेन में भारतीय मूल की पहली गृह मंत्री बनी हैं। प्रीति पूर्व प्रधानमंत्री टेरीजा मे की ब्रेग्जिट रणनीति की मुखर आलोचक रहीं हैं।
दो साल पहले 2017 में अंतरराष्ट्रीय विकास मंत्री रहीं प्रीति को पूर्व पीएम थेरेसा मे की कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा था। नवंबर 2017 में प्रीति ने इजरायल के अधिकारियों के साथ गुप्त बैठकों को लेकर राजनयिक प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया था, जिसके बाद उन्हें सरकार से इस्तीफा देना पड़ा था।
लंदन में जन्मी 47 वर्षीय पटेल साल 2010 से एसेक्स में विथम से सांसद हैं। गुजराती मूल की नेता प्रीति ब्रिटेन में भारतीय मूल के सभी प्रमुख कार्यक्रमों में अतिथि होती हैं और वह ब्रिटेन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्साही प्रशंसक मानी जाती हैं।
मार्गरेट थैचर को आदर्श मानने वाली प्रीति ने 2010-2015 की डेविड कैमरन सरकार की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नवंबर 2015 की लंदन यात्रा के दौरान अगुवाई की थी।
2015 और 2017 में दोबारा चुने जाने से पहले वह पहली बार कंजर्वेटिव सुरक्षित सीट विथम के लिए सांसद चुनी गई थीं। कैमरन की सरकार के तहत, पटेल को रोजगार राज्य मंत्री नियुक्त किया गया था। कैमरन के इस्तीफे के बाद, पटेल ने थेरेसा मे को कंजर्वेटिव नेता के रूप में समर्थन दिया। बाद में पटेल को अंतर्राष्ट्रीय विकास मंत्री बनाया गया।