इस्राइल के दक्षिणी वेस्ट बैंक के हेब्रोन में गोलीबारी की एक घटना में 5 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। इस्राइली पुलिस ने बताया कि इस आतंकी हमले में शामिल 2 बंदूकधारियों को गोली मारकर मार गिराया गया।
आईडीएफ प्रमुख ने क्या बताया?
आईडीएफ चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने 'टाइम्स ऑफ इस्राइल' को बताया कि दक्षिणी वेस्ट बैंक में जिन सैनिकों ने 2 फलस्तीनी बंदूकधारियों को मार गिराया। उन्होंने एक और भी बड़े हमले को होने से रोक दिया।
उन्होंने आगे कहा,'यह एक गंभीर हमला था। सैनिकों की त्वरित कार्रवाई ने एक और भी बड़े हमले को रोक दिया, जिससे आम नागरिकों और सुरक्षा बलों को होने वाले नुकसान को टाला जा सका। जिस वाहन में आतंकवादी हमले की जगह पर पहुंचे थे, उसमें भारी मात्रा में गोला-बारूद मिला है। इसका इस्तेमाल किसी बड़े हमले को अंजाम देने के लिए किया जाना था।'
आईडीएफ के अनुसार, हमलावरों के पास एम16 राइफल और एक पिस्तौल थी। मौके पर पहुंचे होम फ्रंट कमांड की 'आरी बटालियन' के डिप्टी कमांडर और एक कंपनी कमांडर ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
नेतन्याहू ने क्या कहा?
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले की निंदा की और संकल्प लिया कि इस्राइली सेना हमास का पीछा करना जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि हमास के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है।
नेतन्याहू ने कहा, 'मैंने अभी रक्षा मंत्री, चीफ ऑफ जनरल स्टाफ, शिन बेट के प्रमुख, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख और सेंट्रल कमांड के कमांडर के साथ स्थिति की समीक्षा की है। मैं हमारे उन बहादुर लड़ाकों की सराहना करता हूं, जिन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ काम किया और एक बड़े हमले को नाकाम कर दिया। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
आईडीएफ और सुरक्षा बल को क्या निर्देश मिले?
नेतन्याहू ने आगे कहा, 'मैंने आईडीएफ और सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि वे तुरंत हेब्रोन शहर को बंद कर दें और आज से पूरे जुडिया और सामरिया क्षेत्र में पूर्ण लॉकडाउन की तैयारी करें। हमारी सेनाएं आतंकवाद को विफल करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही हैं और बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां कर रही हैं। हम हमास के आतंकवादियों और उन्हें भेजने वालों का हर जगह और हर समय पीछा करेंगे। तुम्हारे लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है।'
इस घटना के बाद, राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन ग्विर ने फलस्तीनी प्राधिकरण को खत्म करने की मांग की। बेन ग्विर ने एक बयान में कहा, 'इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, हमें कदम उठाना होगा। फलस्तीनी प्राधिकरण को खत्म किया जाना चाहिए, उसे विसैन्यीकृत किया जाना चाहिए उसके आतंकी ढांचे को पूरी तरह से नष्ट कर दिया जाना चाहिए।'
यह हमला इस्राइली में होने वाले चुनावों से पांच दिन पहले हुआ है। इस बीच, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने लिकुड पार्टी की ओर से आज सुबह के लिए तय किए गए सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को रद्द करने का निर्देश दिया।