कोरोना संकट और लॉकडाउन के इस दौर में नेपाल में सरकार को कमजोर और अस्थिर करने की कोशिशों पर प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मीडिया पर तीखा हमला बोला है।
मई दिवस के अपने भाषण के दौरान ओली ने कुछ स्थानीय मीडिया संस्थानों और सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर ये आरोप लगाया है कि वो ऐसी खबरें छापकर सरकार की उपलब्धियों को दरकिनार करने और उसे बदनाम करने की साजिश कर रही हैं।
ओली ने कहा कि ऐसे वक्त में जब नेपाल की जनता कोविड-19 जी वैश्विक महामारी के भयानक संकट से जूझ रही है और सरकार देश को इससे जल्दी से जल्दी उबारने की कोशिश में लगी है, कुछ लोग इसका नाजायज फायदा उठाते हुए ओछी राजनीति को बढ़ावा देने के साथ ही सरकार को कमजोर करने की कोशिशों में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता और आम जनता इस साजिश को कतई कामयाब नहीं होने देगी और स्वार्थी तत्वों को इसका करारा जवाब देगी।