भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर नेपाल के दौरे पर हैं। दो दिनी दौरे के पहले दिन जयशंकर ने नेपाल के विदेश मंत्री से मुलाकात की। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने ट्वीट कर मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमने कई द्विपक्षीय मुद्दों जैसे व्यापार, आर्थिक संबंध, रक्षा, कृषि और ऊर्जा जैसे अहम विषयों पर बात की। मुलाकात के बाद नेपाली विदेश मंत्री ने कहा कि नागरिकों के हित के लिए भारत सरकार के साथ कई समझौते किए गए हैं। जयशंकर के साथ बात कर अच्छा लगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को जयशंकर ने नेपाली विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सऊद के साथ 7वीं संयुक्त आयोग की बैठक की। मुलाकात के बाद जयशंकर ने कहा कि चर्चाएं द्विपक्षीय संबंधों को लेकर हुई, जिसमें व्यापार और आर्थिक संबंधों, भूमि, रेल और हवाई संपर्क परियोजनाओं, रक्षा और सुरक्षा में सहयोग, कृषि, ऊर्जा, बिजली, जल संसाधन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन, नागरिक उड्डयन सहित अन्य विषयों पर केंद्रित थी। वहीं, सऊद ने बताया कि भारत के साथ हस्ताक्षरित समझौते किए गए हैं, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में मजबूती आई है। यह दोस्ती की ओर एक कदम है। जयशंकर के साथ हुए समझौते नागरिकों के हित में हैं।
यात्रा के दौरान चार समझौतों पर किए हस्ताक्षर
भारत और नेपाल ने गुरुवार को विदेश मंत्री (ईएएम) एस जयशंकर की देश की चल रही यात्रा के दौरान चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसपर नेपाली विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सऊद ने 'एक्स' पर लिखा, 'भारत के विदेश मंत्री महामहिम डॉ. एस. जयशंकर के साथ समझौतों के आदान-प्रदान को देखना बहुत अच्छा लगा। ये समझौते नेपाल-भारत के मजबूत संबंधों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम हैं।
क्रिकेट बोर्ड के सदस्यों से भी रूबरू हुए जयशंकर
नेपाल के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नेपाल के विदेश मंत्री एनपी सऊद जयशंकर और उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के सम्मान में रात्रिभोज की मेजबानी भी करेंगे। हालांकि, जयशंकर ने गुरुवार को नेपाली क्रिकेट टीम के सदस्यों और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (सीएएन) के बोर्ड सदस्यों के साथ बातचीत की। इससे पहले उन्होंने नेपाल के प्रधान मंत्री पुष्प कमल दहल से काठमांडू के सिंघादरबार पैलेस में उनके कार्यालय में मुलाकात की और मौजूदा द्विपक्षीय संबंधों पर विचार साझा किए।
भूकंप प्रभावित लोगों भारत देगा वित्तीय सहायता
भारत भूकंप प्रभावित लोगों की सहायता के लिए लगभग एनपीआर 1000 करोड़ का वित्तीय सहायता पैकेज प्रदान करेगा। काठमांडू में भारतीय दूतावास ने एक प्रेस बयान के अनुसार, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने घोषणा की कि भारत सरकार जाजरकोट में हाल ही में आए भूकंप के बाद नेपाल को और सहायता प्रदान करने के लिए लगभग एनपीआर हजार करोड़ की वित्तीय सहायता पैकेज प्रदान करेगा।
गौरतलब है कि द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले नवंबर में नेपाल में आए 6.4 तीव्रता के जोरदार भूकंप के बाद 128 लोगों की मौत हो गई थी और कम से कम 141 लोग घायल हो गए थे। बता दें कि काठमांडू में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को कहा कि जयशंकर और नेपाल के विदेश मंत्री एनपी सऊद भारत सरकार द्वारा प्रदान की गई जजरकोट भूकंप के बाद राहत आपूर्ति की पांचवीं किश्त के हस्तांतरण के भी गवाह बने।