फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nepal Election: नेपाल में अब साफ हो गई चुनावी मुकाबले की तस्वीर

Mon, 10 Oct 2022 05:14 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, काठमांडो

सार

Nepali Congress: जनता समाजवादी पार्टी ने बीते शुक्रवार को ही सत्ताधारी गठबंधन छोड़ने का एलान कर दिया था। बाद में उसने यूएमएल से तालमेल का एलान किया। यूएमएल ने 17 संसदीय और 42 प्रांतीय सीटों उसे समर्थन देने का एलान किया है। बदले में जनता समाजवादी पार्टी 35 संसदीय और 70 प्रांतीय सीटों पर यूएमएल का समर्थन करेगी...
विज्ञापन
Nepal Congress: पुष्प कमल दहाल के साथ नेपाल के पीएम शेर बहादुर देउबा - फोटो : Agency (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीट बंटवारे पर की गई पेशकश से असंतुष्ट एक पार्टी के निकलने जाने के बाद नेपाल के सत्ताधारी गठबंधन ने बाकी बचे दलों के बीच सीटों का बंटवारा पूरा कर लिया है। जनता समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे पर नाराज हो कर नेपाली कांग्रेस ने नेतृत्व वाले सत्ताधारी गठबंधन से खुद को अलग कर लिया। अब उसने मुख्य विपक्षी दल- कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल) से तालमेल कर लिया है। उसके अलग होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सत्ताधारी गठबंधन ने लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी को खुद से जोड़ा है। गठबंधन ने इस पार्टी को चुनाव लड़ने के लिए सात संसदीय और 16 प्रांतीय सीटें दी हैं।

नेपाल में आम चुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। उस रोज संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा की प्रत्यक्ष निर्वाचन वाली 165 और सात प्रांतीय असेंबलियों की 330 सीटों के लिए चुनाव होगा। अब यह साफ हो गया है कि इन चुनावों में सत्ताधारी गठबंधन का मुकाबला पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली यूएमएल और उसके सहयोगी दलों से होगा।

सत्ताधारी गठबंधन में प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के नेतृत्व वाली नेपाली कांग्रेस और नई शामिल हुई पार्टी लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के अलावा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओइस्ट सेंटर), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड सोशलिस्ट) और राष्ट्रीय जन मोर्चा शामिल हैँ। नेपाली कांग्रेस प्रतिनिधि सभा की कुल 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। माओइस्ट सेंटर को 45, यूनिफाइड सोशलिस्ट को 20 और राष्ट्रीय जन मोर्चा को दो सीटें दी गई हैं। नेपाली कांग्रेस के नेताओं ने कहा है कि जनता समाजवादी पार्टी के निकल जाने से सत्ताधारी गठबंधन का काम आसान हो गया। पार्टी के एक नेता ने अखबार काठमांडू पोस्ट से कहा- ‘नया राजनीतिक समीकरण उभरने से कांग्रेस के लिए 90 सीटों पर चुनाव लड़ना संभव हुआ है। वरना ऐसा नहीं होता।’

जनता समाजवादी पार्टी ने बीते शुक्रवार को ही सत्ताधारी गठबंधन छोड़ने का एलान कर दिया था। बाद में उसने यूएमएल से तालमेल का एलान किया। यूएमएल ने 17 संसदीय और 42 प्रांतीय सीटों उसे समर्थन देने का एलान किया है। बदले में जनता समाजवादी पार्टी 35 संसदीय और 70 प्रांतीय सीटों पर यूएमएल का समर्थन करेगी। दोनों पार्टियां स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगी। यानी उन्होंने गठबंधन नहीं बनाया है, सिर्फ सीटों का तालेमल किया है।

जनता समाजवादी पार्टी और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी दोनों का समर्थन आधार मधेस इलाके में है। लोकतांत्रिक समाजवादी के नेता महंत ठाकुर हैं। जनता समाजवादी पार्टी के यूएमएल से तालमेल कर लेने के बाद उन्होंने सत्ताधारी गठबंधन से तालमेल पर बातचीत शुरू की थी। वे सिर्फ सात संसदीय सीटों पर राजी हो गए। जनता समाजवादी पार्टी सत्ताधारी गठबंधन में कम से कम 25 संसदीय सीटों की मांग कर रही थी। लेकिन यूएमएल के साथ वह सिर्फ 17 सीटों पर सहमत हो गई।

सूत्रों ने मीडियाकर्मियों को बताया है कि जनता समाजवादी पार्टी जिस समय सत्ताधारी गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे पर बातचीत कर रही थी, उसी समय उसने यूएमएल से भी संपर्क बना लिया था। वैसे ये पार्टी अभी भी देउबा सरकार में शामिल है। इस पार्टी की भागीदारी सरकार में आगे रहेगी या नहीं, इस बारे मे दोनों तरफ से अभी कुछ नहीं बताया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें