नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को सीने में दर्द की समस्या होने पर काठमांडू के शहीद गंगालाल नेशनल हार्ट सेंटर ले जाया गया। प्रधानमंत्री के प्रेस सलाहकार सूर्या थापा ने बताया कि उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। वह जांच करवाकर वापस आ गए हैं।
नेपाल में चल रही है राजनीतिक जंग
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और सत्ताधारी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के सह अध्यक्ष पुष्प कमल दहल और अन्य नेताओं ने विभिन्न मुद्दों पर विफलता के आरोप में वर्तमान प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे की मांग की थी। मंगलवार को पार्टी की स्थायी समिति की बैठक में दहल के साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं माधव नेपाल, झाला नाथ खनाल और बामदेव गौतम आदि ने भी ओली से इस्तीफा मांगा था।
ओली भारत पर लगा चुके हैं आरोप
प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की कुर्सी पर सियासी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। एक तरफ जहां उन्हें पद से हटाने के लिए अपनी ही पार्टी के भीतर घमासान मचा है तो दूसरी ओर देश की जनता भी सरकार के खिलाफ गुस्से में हैं। अपनी पार्टी में मचे घमासान को लेकर ओली ने भारत पर भी आरोप लगाया था। बीते दिनों उन्होंने कहा था कि एक दूतावास उनकी सरकार के खिलाफ होटल में साजिश रच रहा है।