USAID Administrator Samantha Power
- फोटो : Agency (File Photo)
नेपाल में बनी सरकार को अपने पाले में रखने की कोशिश अमेरिका ने तेज कर दी है। अगले महीने एक हफ्ते के भीतर दो अमेरिकी मंत्री नेपाल का दौरा करेंगे। पहले अमेरिकी विदेश उप मंत्री विक्टोरिया नुलैंड यहां आएंगी। उसके तुरंत बाद यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (यूएसएड) की प्रशासक समांता पॉवर काठमांडू की यात्रा करेंगी। अमेरिकी प्रशासन में पॉवर का दर्जा कैबिनेट मंत्री का है। वे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की सदस्य भी हैं। इस तरह पुष्प कमल दहल के प्रधानमंत्री बनने के बाद नेपाल आने वाली वे सबसे वरिष्ठ अधिकारी होंगी।
समांत पॉवर पांच फरवरी को यहां पहुंचेंगी। नेपाल सरकार के अधिकारियों के मुताबिक ये दोनों यात्राएं इस बात का संकेत हैं कि अमेरिका की निगाह में नेपाल को कितना महत्त्वपूर्ण हो गया है। हफ्ते भर के भीतर दो मंत्रियों को नेपाल भेज कर जो बाइडन प्रशासन ने नेपाल की नई सरकार के साथ संपर्क बढ़ाने की मंशा जताई है। अमेरिका यह सुनिश्चित करना चाहता है कि नेपाल में उसके हितों को कोई नुकसान न पहुंचे।
वाशिंगटन में तैनात एक नेपाली राजनयिक ने अखबार काठमांडू पोस्ट से कहा- ‘अब नेपाल में एक अलग तरह की सरकार सत्ता में आ गई है। इसलिए पश्चिमी देशों की नेपाल में दिलचस्पी बढ़ रही है। वे जानना चाहते हैं कि क्या नई सरकार के तहत नेपाल की नीति में कोई परिवर्तन होगा। आप यह कह सकते हैं कि ये अधिकारी नेपाल सरकार का मूड भांपने के लिए काठमांडू जा रहे हैं।’
राजनयिकों के मुताबिक विक्टोरिया नुलैंड की यात्रा के दौरान ध्यान राजनीतिक और द्विपक्षीय संबंध पर केंद्रित रहेगा। उनका ज्यादा नेपाल में अमेरिकी हितों की रक्षा करने पर होगा। जबकि पॉवर अपनी यात्रा के दौरान नेपाल के साथ विकास संबंधी सहयोग बढ़ाने पर जोर देंगी। पॉवर यहां छह और सात फरवरी को कई नेताओं से मिलेंगी। उनमें प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल, उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल और विदेश मंत्री बिमला राय भी शामिल हैं।
नेपाल के अधिकारियों ने कहा है कि आने वाले महीनों में और भी महत्त्वपूर्ण अमेरिकी अधिकारियों के नेपाल आने की संभावना है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए मार्च के पहले हफ्ते में भारत की यात्रा करने वाले हैं। संभव है कि उसके बाद वे नेपाल की भी यात्रा करें।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने काठमांडू पोस्ट से कहा- ‘अमेरिकी मंत्रियों का नेपाल दौरा इस बात का संकेत है कि नेपाल में अमेरिका की दिलचस्पी बढ़ रही है। ज्यादातर समय भारत, चीन या अमेरिका के अधिकारी हमारी सुविधा नहीं, बल्कि अपनी सुविधा के मुताबिक नेपाल आते हैं। अमेरिका की दो उच्चस्तरीय यात्राएं इस बात का संकेत हैं कि अमेरिका नेपाल के साथ कई स्तरों पर संपर्क बनाना चाहता है।’
अमेरिका में नेपाल के राजदूत रह चुके राजनयिक सुरेश चेलिसे ने कहा है- ‘इन अमेरिकी यात्राओं को नेपाल में संसदीय चुनाव के बाद बनी स्थिति के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। नई सरकार बनने के साथ कई नए चेहरे सत्ता में आए हैं। इस हाल में ये यात्राएं एक स्वाभाविक कदम हैं।’