काठमांडू महानगरपालिका के मेयर बालेन शाह ने 5 मार्च को होने वाले चुनाव लड़ने के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। बालेन झापा-5 सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, जहां उनका मुकाबला केपी शर्मा ओली से माना जा रहा है।
नेपाल की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब काठमांडू महानगरपालिका के मेयर बालेन्द्र शाह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। लोकप्रिय रूप से बालेन के नाम से पहचाने जाने वाले शाह ने 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव लड़ने के लिए यह फैसला लिया है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने उन्हें अपना प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस कदम के बाद नेपाल की सियासत में नई हलचल तेज हो गई है। बता दें, नेपाल में हुई क्रांति का ये मुख्य चेहरा थे।
विज्ञापन
बालेन शाह ने इस्तीफा देते हुए स्पष्ट किया कि उनका फैसला नेपाल के संविधान 2015, स्थानीय सरकार संचालन अधिनियम 2017 और काठमांडू महानगरपालिका से जुड़े मौजूदा कानूनों के अनुरूप है। उन्होंने उपमेयर सुनीता डंगोल को संबोधित पत्र में कहा कि मेयर रहते हुए उन्होंने ईमानदारी से शहर और नागरिकों के हित में काम करने का प्रयास किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी महानगर की प्रशासनिक व्यवस्था पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनी रहेगी।
आरएसपी मुख्यालय पहुंचे, समर्थकों में उत्साह
इस्तीफा देने के एक घंटे के भीतर ही बालेन शाह आरएसपी के मुख्यालय पहुंचे। वहां पार्टी अध्यक्ष रबी लामिछाने के साथ उन्होंने घंटी बजाई, जबकि समर्थकों ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया। इसी दिन बालेन शाह ने आरएसपी के वरिष्ठ नेता के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल ली। पार्टी ने उन्हें आगामी चुनाव के बाद संसदीय दल का नेता और प्रधानमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है।
प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित
बालेन शाह 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव में झापा-5 सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
झापा-5 सीट केपी शर्मा ओली का पारंपरिक गढ़ मानी जाती है।
केपी शर्मा ओली चार बार नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।
बालेन शाह का लक्ष्य ओली को उनके ही क्षेत्र में सीधी चुनौती देना है।
बालेन ने जेन-जेड आंदोलन से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने का वादा किया है।
उन्होंने युवाओं से जुड़े एजेंडे को संस्थागत रूप देने की बात कही है।
झापा-5 से चुनाव लड़ने की तैयारी
बालेन शाह 5 मार्च को होने वाले चुनाव में झापा-5 सीट से उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इस सीट से चार बार प्रधानमंत्री रह चुके सीपीएन-यूएमएल अध्यक्ष केपी शर्मा ओली भी चुनाव लड़ते रहे हैं। बालेन का लक्ष्य ओली को उनके ही गढ़ में चुनौती देना है। उन्होंने सितंबर में उभरे जेन-जेड आंदोलन के मुद्दों को संस्थागत रूप देने का भी वादा किया है।
नेपाल की राजनीति में नई पीढ़ी की एंट्री
एक समय रैपर के रूप में पहचान बनाने वाले बालेन शाह ने 2022 में काठमांडू मेयर का चुनाव जीतकर राजनीति में नई सोच का संकेत दिया था। अब उनका प्रधानमंत्री पद का दावेदार बनना नेपाल की राजनीति में पीढ़ीगत बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। झापा-5 की चुनावी जंग को इस बार बेहद रोचक और निर्णायक माना जा रहा है।