फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nepal: सीट बंटवारे के सवाल पर नेपाल में बिखरने लगा प्रधानमंत्री देउबा का मोर्चा

Mon, 03 Oct 2022 04:54 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, काठमांडो

सार

Nepal: राष्ट्रीय जन मोर्चा के नेता हिमलाल पुरी ने कहा है- ‘गठबंधन में शामिल तीन पार्टियां कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड सोशलिस्ट), जनता समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनमोर्चा नेपाली कांग्रेस के प्रस्ताव से नाखुश हैं। ये पार्टियां गठबंधन की अगली बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा करेंगी।’
विज्ञापन
Nepal PM Sher Bahadur Deuba - फोटो : Agency (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेपाल में आम चुनाव की तारीफ करीब आने के साथ नेपाली कांग्रेस के नेतृत्व वाले सत्ताधारी गठबंधन की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। सत्ताधारी गठबंधन को एकजुट रखने की प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की इच्छा को एक तगड़ा झटका लगा है। गठबंधन में शामिल दल जनता समाजवादी पार्टी ने गठबंधन छोड़ने का संकेत दिया है। उसने ‘गठबंधन के बाहर के दलों’ के साथ चुनावी तालमेल की संभावना का पता लगाने का फैसला किया है। फिलहाल सत्ताधारी गठबंधन में पांच पार्टियां शामिल हैं।

ताजा विवाद नेपाली कांग्रेस एक प्रस्ताव से उठा। इसे पार्टी के वरिष्ठ नेता कृष्ण प्रसाद सितौला ने सामने रखा है। इसमें गठबंधन के अंदर नेपाली कांग्रेस और माओइस्ट सेंटर को मिलने वाली सीटों की संख्या बढ़ाने की बात कही गई है। खबरों के मुताबिक इससे कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओइस्ट सेंटर) खुश है, लेकिन गठबंधन में शामिल बाकी तीन दलों में नाराजगी है।

राष्ट्रीय जन मोर्चा के नेता हिमलाल पुरी ने कहा है- ‘गठबंधन में शामिल तीन पार्टियां कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड सोशलिस्ट), जनता समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनमोर्चा नेपाली कांग्रेस के प्रस्ताव से नाखुश हैं। ये पार्टियां गठबंधन की अगली बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा करेंगी।’

नेपाल में अगले 20 नवंबर को संघीय संसद और प्रांतीय असेंबलियों के लिए आम चुनाव होगा। संघीय संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के प्रत्यक्ष निर्वाचन वाली 165 सीटों पर उस रोज वोट पड़ेंगे। सत्ताधारी गठबंधन के अंदर इन सीटों के बंटवारे पर अब तक सहमति नहीं बन सकी है। गठबंधन ने पहले यह तय किया था कि संसदीय सीटों का बंटवारा जिस आधार पर होगा, उसी फॉर्मूले पर प्रांतीय असेंबलियों की सीटें भी पांच दलों के बीच आवंटित की जाएंगी।

सितौला का प्रस्ताव सामने आने के बाद जनता समाजवादी पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की लंबी बैठक हुई। उसके बाद पार्टी प्रवक्ता ने मीडियाकर्मियों से कहा- ‘पांच दलों के गठबंधन में सीट बंटवारे पर हो रही चर्चा से हमारी पार्टी संतुष्ट नहीं है। हमने गठबंधन के बाहर की दूसरी पार्टियों से भी तालमेल पर बातचीत शुरू करने का फैसला किया है। अगर उसमें सफलता नहीं मिली, तो हमारी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी।’

सितौला ने जो प्रस्ताव रखा है, उसमें नेपाली कांग्रेस और माओइस्ट सेंटर को अधिक सीटें आवंटित करने का सुझाव दिया गया है। इसमें कहा गया है कि यूनिफाइड सोशलिस्ट को लगभग 17 और जनता समाजवादी पार्टी को 14 या 15 सीटें ही चुनाव लड़ने के लिए दी जानी चाहिए। खबर है कि ये प्रस्ताव से नाराज यूनिफाइड सोशलिस्ट में राय जताई गई है कि विपक्षी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल) से गठबंधन की कोशिश की जाए।

जनता समाजवादी पार्टी का मुख्य आधार मधेस इलाके में है। अब खबर है कि मधेस इलाके की एक और प्रमुख पार्टी लोकतांत्रिक समाजवादी दल ने यूएमएल से गठबंधन के लिए बातचीत शुरू कर दी है। लेकिन नेपाली कांग्रेस और माओइस्ट सेंटर के कुछ नेताओं ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा है कि गठबंधन छोड़ने की धमकी जनता समाजवादी पार्टी की अधिक सीटें पाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश है। लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि अगर यूएमएल ने सम्मानजनक सीटें दीं, तो ये पार्टी उससे गठबंधन बना सकती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें