पुष्प कमल दहल प्रचंड के नेपाल के पीएम बनते ही चीन से उनकी नजदीकियां फिर उछाल मारने लगीं हैं। इसका ताजा सबूत पोखरा में बना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। नेपाल के नए प्रधानमंत्री प्रचंड ने साल के पहले दिन यानी रविवार को पश्चिमी नेपाल के पर्यटन केंद्र पोखरा में क्षेत्रीय अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन किया। चीन के सहयोग से बने पोखरा क्षेत्रीय अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (प्रिया) के आधिकारिक उद्घाटन को चिह्नित करते हुए प्रधानमंत्री ने एक पट्टिका का अनावरण भी किया। इस मौके पर हिमालयी देश के उप प्रधान मंत्री और वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल और अन्य शीर्ष नेता भी उपस्थित थे।
जानकारी के मुताबिक, नए बने पोखरा क्षेत्रीय अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। बता दें कि यह हवाई अड्डा नेपाल-चीन बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) की एक प्रमुख परियोजना है। नेपाल की सरकार ने लेक सिटी में नए हवाई अड्डे के निर्माण के लिए मार्च 2016 में चीन के साथ 215.96 मिलियन डॉलर के सॉफ्ट लोन समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। उसी समझौते के तहत इस हवाई अड्डे का निर्माण किया गया है।
प्रचंड ने किया संबोधित
पोखरा में क्षेत्रीय अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन के मौके पर नेपाल के नए पीएम प्रचंड ने अपना संबोधन भी दिया। उन्होंने कहा कि हवाई संपर्क नेपाल जैसे देश के लिए संपर्क का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने आगे कहा कि पोखरा में इस हवाई अड्डे के परिचालन से पोखरा का अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र के साथ संबंध स्थापित हो गया है। इस दौरान उन्होंने चीनी सरकार से रेलवे सेवाओं और अन्य परियोजनाओं के निर्माण में सहायता करने का भी अनुरोध किया।
लोगों का आभार व्यक्त किया
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री प्रचंड ने कहा कि 'मैं गंडकी प्रांत से निर्वाचित होकर प्रधानमंत्री बना हूं, यहां की जनता ने मुझे तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया है, इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके नेतृत्व में सरकार सामाजिक न्याय, सुशासन और जनता की समृद्धि के मूल मंत्र के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि पहले मैंने एक लोकतांत्रिक गणराज्य की स्थापना के लिए अग्रणी भूमिका निभाई थी, अब मैं आर्थिक विकास, समृद्धि और सुशासन को बढ़ावा देकर देश को आगे बढ़ाऊंगा।
वहीं, पोखरा में क्षेत्रीय अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन को लेकर चीनी दूतावास प्रभारी वांग शिन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे को चीनी मानकों के अनुसार डिजाइन और निर्मित किया गया है, जो चीनी इंजीनियरिंग की उच्च गुणवत्ता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ये हवाई अड्डा नेपाल के राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है।