नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली
- फोटो : एएनआई
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने एक बार फिर से आतंकवाद के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का साथ दिया है। ओली ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र की एक उच्च-स्तरीय बैठक में भारत का साथ देते हुए पाकिस्तान को सभी देशों के सामने जमकर लताड़ा। इसके साथ ही नेपाल के पीएम ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक सहमति (सीसीआईटी) अपनाने का आह्वान किया।
संयुक्त राष्ट्र की बैठक में वीडियो कॉन्फ्रें सिंग के जरिए संबोधित करते हुए ओली ने कहा कि नेपाल आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी आलोचना करता है। आतंकवाद के मुद्दे पर जल्द से जल्द एक व्यापक सहमति बनाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद को शह देने वाले देशों का नेपाल पुरजोर विरोध करता है। आतंकी गतिविधियों में सैकड़ों निर्दोष लोगों की मौत होती है। इस घृणित और अमानवीय कृत्य की नेपाल कड़ी निंदा करता है। नेपाल के इस बयान से चीन और पाकिस्तान दोनों ही देश सकते में हैं।
ओली ने अपने रिकॉर्डेड वीडियो संदेश में कहा कि नेपाल, देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के लिए और पड़ोसी देशों और दुनिया के दूसरे सभी देशों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि सीसीआईटी का प्रस्ताव वर्ष 1996 में भारत ने ही रखा था, लेकिन इसको परिभाषित करने के मुद्दे पर मतभेद उभर आए थे, जिसके बाद से ये कभी आगे नहीं बढ़ सका है।