नेपाल में 5 मार्च को प्रस्तावित आम चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने 63 बिंदुओं वाली आचार संहिता लागू की है। आयोग ने निर्देश दिया है कि 25,000 नेपाली रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता केवल बैंकिंग प्रणाली के जरिए ही स्वीकार की जाए।
नेपाल के निर्वाचन आयोग ने आगामी 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव से पहले 63 बिंदुओं की आचार संहिता जारी की है। आयोग ने राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे 25,000 नेपाली रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता केवल बैंकिंग लेनदेन के माध्यम से ही स्वीकार करें।
विज्ञापन
निर्वाचन आयोग ने साफ किया कि राजनीतिक दल और उम्मीदवार 2 मार्च तक ही चुनाव प्रचार कर सकेंगे। प्रचार का समय सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक निर्धारित किया गया है। साथ ही, 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव से 48 घंटे पहले सभी तरह के प्रचार अभियान पर पूर्ण रोक रहेगी।
नेपाल चुनाव आयोग ने किस चीज के इस्तेमाल पर लगाया बैन?
आयोग की अधिसूचना में 60 से अधिक प्रावधान शामिल हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्रचार अभियानों में प्लास्टिक सामग्री या पॉलीथीन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। आयोग के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है या उसे छह वर्ष तक किसी भी प्रकार के चुनाव में भाग लेने से अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
विज्ञापन
कार्यकारी पीएम कार्की ने लोगों से की ये अपील
इस बीच, नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने लोगों से आगामी आम चुनाव में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगले महीने होने वाले चुनाव विशेष परिस्थितियों में आयोजित किए जा रहे हैं और इनके सफल संचालन के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।
इससे पहले तापलेजुंग जिले के मुख्यालय का दौरा करने के दौरान कार्यकारी प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने कहा था कि यह चुनाव देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा राजनीतिक गतिरोध से बाहर निकलने के लिए शांतिपूर्ण चुनाव कराना बहुत जरूरी है।