नेपाल में चीनी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और चीन के साथ और नजदीकी हासिल करने के लिए अब इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट सेवा उपलब्ध कराने वाली कई चीनी कंपनियों को हरी झंडी दे दी है। हाल ही में नेपाल राष्ट्र बैंक (एनआरबी) ने चीन की कंपनी वीचैट पे को मंजूरी देकर चीनी पर्यटकों के लिए पेमेंट की राह आसान कर दी है। इसके अलावा एक और चीनी कंपनी अली पे को भी एनआरबी से लाइसेंस मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
एनआरबी के कार्यकारी निदेशक रेवती नेपाल ने कहा कि कुछ तकनीकी वजहों से वीचैट पे को कामकाज शुरू करने में थोड़ी देर हो रही है। उन्होंने अली पे के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि इस कंपनी को भी कुछ तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करते ही मंजूरी दे दी जाएगी।
गौरतलब है कि चीन की ये दोनों कंपनियां इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट के क्षेत्र में काफी बड़ी मानी जाती हैं और चीन से आने वाले ज्यादातर पर्यटक इनका इस्तेमाल करते हैं। अभी तक कुछ होटलों में गैरकानूनी तरीके से चीनी पर्यटकों से इन दोनों कंपनियों के जरिए पेमेंट लिया जाता था, लेकिन अब मंजूरी मिल जाने के बाद चीन से आने वाले पर्यटकों को आसानी हो जाएगी। जाहिर है इससे नेपाल में चीनी पर्यटकों की संख्या में भी तेजी से इजाफा होगा।