नेपाल की राष्ट्रीय एयरलाइन को एक सोशल मीडिया पोस्ट में गंभीर मानचित्रण (कार्टोग्राफिक) गलती के कारण माफी मांगनी पड़ी है। एयरलाइन ने अपनी नेटवर्क मैप वाली पोस्ट में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखा दिया था, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
क्या है पूरा मामला?
बुधवार को साझा किए गए इस नक्शे में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को गलत तरीके से दर्शाया गया था। जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे तथ्यात्मक रूप से गलत बताया। बढ़ते विरोध के बाद एयरलाइन ने तुरंत पोस्ट हटा दी।
एयरलाइन का बयान
नेपाल एयरलाइन ने सोशल मीडिया एक्स पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि हम अपने सोशल मीडिया पर साझा किए गए नेटवर्क मैप में हुई गलती के लिए ईमानदारी से माफी मांगते हैं। इस नक्शे में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को लेकर गंभीर त्रुटियां थीं, जो नेपाल या एयरलाइन के आधिकारिक रुख को नहीं दर्शातीं। एयरलाइन ने यह भी बताया कि पोस्ट हटाने के साथ ही आंतरिक समीक्षा शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो।
भारत-नेपाल संबंधों पर असर?
एयरलाइन ने अपने बयान में यह भी कहा कि वह क्षेत्र के सभी पड़ोसी देशों के साथ मजबूत संबंधों को महत्व देती है और इस घटना से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो उसे लेकर खेद जताती है।