अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना स्थित टाइसन फूड्स चिकन प्रसंस्करण संयंत्र के दोबारा खुलने के बाद वहां के करीब 600 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। बुधवार को कंपनी ने बताया कि उनके विल्कस्बॉरो संयंत्र के 2244 कर्मचारियों में से 570 कोरोना से संक्रमित हैं।
कंपनी के मुताबिक उनके कुल कर्मचारियों में से 25.4 फीसदी में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है। मांस को तैयार करने वाली यह कंपनी देश की सबसे बड़ी हॉटस्पॉट बन चुकी है। कंपनी के मुताबिक उसने अपने व्यवसाय को दोबारा से शुरू करने से पहले सभी तरह के दिशानिर्देशों का पालन किया था और रोकथाम के सभी उपाय किए थे।
कंपनी के अनुसार उसने खुद छह मई से नौ मई तक अपने यहां के 2007 कर्मचारियों की कोरोना जांच की थी। इसके अलावा राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने भी कई कर्मचारियों की जांच की थी। एक अंग्रेजी न्यूज चैनल के मुताबिक, अमेरिका में इस वक्त कोरोना वायरस के 14,000 मामले सिर्फ 181 मांस प्रसंस्करण वाले संयंत्र से हैं।