Perseverance rover on the surface of Mars
- फोटो : NASA
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के पर्सिवियरेंस रोवर ने लाल ग्रह की सतह पर चलते हुए नई खोज शुरू कर दी है। रोवर ने अपनी पहली प्रायोगिक मुहिम के तहत 21 फीट (6.5) की दूरी तय की है। मंगल पर उतरने के दो सप्ताह बाद पर्सिवियरेंस रोवर इस ग्रह पर जीवन की संभावना तलाशने के अभियान में जुटा है।
कैलिफोर्निया के पासाडेना में नासा के जेट प्रणोदक प्रयोगशाला ने एक संवाददाता सम्म्मेलन में रोवर के चलने की घटना से संबंधित तस्वीरें साझा कीं। यह रोवर करीब 33 मिनट तक बेहद सुगमता के साथ आगे-पीछे चलते दिख रहा है। इसके बाद यह 150 डिग्री का मोड़ लेकर वापस अपनी जगह पर लौट आया।
नासा की वरिष्ठ वैज्ञानिक केटी स्टैक मॉर्गन ने इसे एक अहम उपलब्धि बताते हुए कहा कि रोवर को अभी भी कई तकनीकी जांचों से गुजरना पड़ रहा है। लेकिन जैसे ही इसके रबड़ के पहिये घूमने शुरू होंगे, हम खुद को सौभाग्यशाली मान सकते हैं। उम्मीद है कि यह रोवर अगले सप्ताह लाल ग्रह की सतह की कई तस्वीरें भी लेगा। इंजीनियर एनाइस जराफियान ने कहा, रोवर के चलने और उसके पहियों के निशान देखकर मैं बहुत खुश हूं क्योंकि अभियान में यह बड़ी उपलब्धि है।
'हम जल्द लंबी ड्राइव पर निकलेंगे'
कैलिफोर्निया के पासाडेना में नासा की जेट प्रोपल्शन प्रयोगशाला में रोवर की गतिशीलता का परीक्षण करने वाली इंजीनियर एनाइस जराफियान ने बताया कि यह मिशन हमारी टीम के लिए एक बहुत बड़ा मील का पत्थर है। उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही हम लंबी ड्राइव पर निकलने वाले हैं, यह तो अभी शुरुआत है।