फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ukraine: यूक्रेन के सेनाध्यक्ष को लेकर रहस्य कायम, थम नहीं रहा है अफवाहों का सिलसिला

Mon, 29 May 2023 05:52 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कीव

सार

इस बीच यह खबर चर्चित है कि यूक्रेन जल्द ही रूस पर एक बड़े हमले की तैयारी में है। अमेरिका की उप विदेश मंत्री विक्टोरिया नुलैंड ने भी कहा है कि संभावित हमले के लिए अमेरिका और यूक्रेन संपर्क में हैं...
विज्ञापन
Ukraine Army Chief Valery Zaluzhny - फोटो : Agency (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूक्रेन के सेनाध्यक्ष वलेरी जलुझनी के खोज-खबर को लेकर रहस्य बढ़ता चला जा रहा है। जलुझनी यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सदस्य भी हैं। कई हफ्तों से वे सामने नहीं आए हैं। कुछ रोज पहले यूक्रेन सरकार ने उनका एक वीडियो जारी किया। इससे यह बताने की कोशिश की गई कि जलुझनी भले-चंगे हैं। लेकिन अनेक विश्लेषकों ने इस पर यकीन नहीं किया है।

इस बीच जलुझनी को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म रहा है। सबसे पहले खबर फैली कि वे लड़ाई में मारे गए हैं। तब कहा गया था कि पूर्वी यूक्रेन में किसी जगह पर किसी कमांड पोस्ट में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उनकी बैठक हो रही थी, जिस पर रूस ने हमला कर दिया। बाद में अफवाह फैली कि जलुझनी जिंदा हैं, लेकिन उस हमले में वे बुरी तरह जख्मी हो गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

विश्लेषकों के मुताबिक इन अफवाहों के गर्म रहने के लिए यूक्रेन की सेना भी जिम्मेदार रही है। अगर उसने उनके बारे में स्पष्ट जानकारी दे दी होती, तो अफवाहों को बल नहीं मिलता। इस बीच यह खबर चर्चित है कि यूक्रेन जल्द ही रूस पर एक बड़े हमले की तैयारी में है। अमेरिका की उप विदेश मंत्री विक्टोरिया नुलैंड ने भी कहा है कि संभावित हमले के लिए अमेरिका और यूक्रेन संपर्क में हैं। इस खबर के बाद कहा गया कि जलुझनी इस हमले की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

इस बीच एक चर्चा यह गर्म हुई है कि जलुझनी यूक्रेन की मौजूदा ताकत के बीच रूस पर हमला करने को इच्छुक नहीं हैं। कई विश्लेषकों ने कहा है कि रूस की सेना यूक्रेन से बहुत बड़ी है और उसके बाद जो हथियार और उपकरण हैं, वे यूक्रेन के हथियारों से बेहतर हैं। जबकि एक खबर यह है कि यूक्रेन ने संभावित हमले के लिए 12 ब्रिगेड संगठित किए हैं, जिनमें नौ के पास अमेरिकी और यूरोपीय हथियार हैं।

कुछ दूसरी अफवाहें भी फैली हैं। इनमें कहा गया है कि इस समय यूक्रेन में सैन्य नेतृत्व और सरकारी नेताओं के बीच टकराव चल रहा है। युद्ध में यूक्रेन की सेना को हुए भारी नुकसान के बाद यह टकराव शुरू हुआ। अमेरिकी थिंक टैंक सेंटर फॉर सिक्युरिटी पॉलिसी में सीनियर फेलॉ स्टीफन ब्रायन ने अपने सब्सटैक ब्लॉग वीपंस एंड स्ट्रेटेजी में लिखा है कि यूक्रेन की वायु सेना बहुत कमजोर हो चुकी है। इसलिए उसकी थल सेना ने अगर अगला हमला किया, तो ऐसा उसे वायु सेना की मदद के बिना करना होगा। साथ ही उसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जाम किए गए युद्ध क्षेत्र में उतरना होगा, जहां संभव है कि पश्चिमी हथियार उतना कारगर नहीं हों, जितना बताया गया है।

समझा जाता है कि जलुझनी इस आशंका के कारण बड़ा हमला शुरू करने के पक्ष में नहीं हैं, जबकि राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेन्स्की की सरकार इसके लिए कृत-संकल्प है। कुछ खबरों के मुताबिक सेना और सरकार के नेतृत्वों के बीच मतभेद बाखमुट की लड़ाई के दौरान उभरे। बताया जाता है कि सेना बाखमुट को बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकने के पक्ष में नहीं थी। लेकिन सरकार ने सेना की सलाह के विपरीत फैसला लिया। इन चर्चाओं के बीचे जुलझनी सीन से गायब रहे हैं। इससे अफवाहें गर्म हुई हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें