म्यामांर में भीड़ पर गोलीबारी किए जाने से कई लोगों की हुई मौत
- फोटो : पीटीआई
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने पुख्ता जानकारी के आधार पर कहा है कि म्यांमार में तख्तापलट का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर रविवार को हुई कार्रवाई में कम से कम 18 लोग मारे गए और 30 से अधिक घायल हुए हैं।
उसने एक बयान में म्यांमार के कई शहरों का जिक्र करते हुए कहा, ‘यांगून, दावेई, मांडले, म्यीक, बागो और पोकोक्कु में भीड़ पर गोलीबारी किए जाने से कई लोगों की मौत हुई है।’
बयान में कहा गया है, ‘कई स्थानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जाने और ग्रेनेड का इस्तेमाल किए जाने की भी खबरें है।’
बयान में कार्यालय प्रवक्ता रविना शामदसानी के हवाले से कहा गया है, ‘हम म्यांमार में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बढ़ती हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं और सेना से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ बल का इस्तेमाल तुरन्त बंद किए जाने का आह्वान करते है।’
वहीं, म्यांमार में भारतीय दूतावास की तरफ से रविवार को कहा गया, 'आज यंगून और म्यांमार के अन्य शहरों में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ। हम उन मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। हम सभी से संयम बरतने और शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत के जरिए मुद्दों को हल करने का आग्रह करते हैं।'