नई मिसेज वर्ल्ड 2020 केट श्नाइडर
- फोटो : facebook.com/mrsworldpageant
आयरलैंड की केट श्नाइडर को नई मिसेज वर्ल्ड घोषित किया गया है। आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता को पहले जीतने वाली कैरोलीन ज्यूरी की ओर से इस सौंदर्य प्रतियोगिता के विजेता पद से इस्तीफा देने के बाद उन्हें नया विजेता घोषित किया गया है। मिसेज वर्ल्ड इंक. ने कहा कि उसे कैरोलीन ज्यूरी का इस्तीफा प्राप्त हुआ है और इसलिए दूसरे स्थान पर रहीं मिसेज आयरलैंड केट श्नाइडर नई मिसेज वर्ल्ड 2020 होंगी।
विवाहित महिलाओं की सौंदर्य प्रतियोगिता 'मिसेज वर्ल्ड' की वेबसाइट ने मिसेज वर्ल्ड शीर्षक के साथ श्नाइडर की एक तस्वीर प्रकाशित की। उल्लेखनीय है कि ज्यूरी ने प्रतियोगिता के दौरान मिसेज श्रीलंका की विजेता पुष्पिका डी सिल्वा के सिर से ताज हटा दिया था। ज्यूरी ने इस महीने के शुरू में खिताब वापस कर दिया था जबकि इस साल की मिसेज श्रीलंका की विजेता डीसिल्वा के सिर से ताज हटाने के अपने फैसले का बचाव किया था।
कैरोलीन ज्यूरी ने दावा किया था कि वह (पुष्पिका डी सिल्वा) चार अप्रैल को हुई प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अयोग्य थीं क्योंकि उनका तलाक हो चुका था। हालांकि, डीसिल्वा ने कहा कि वह अपने पति से अलग हो चुकी हैं लेकिन उन्होंने तलाक नहीं लिया है। इस घटना के बाद काफी विवाद हुआ था। वहीं अब ज्यूरी ने मिसेज वर्ल्ड के पद से इस्तीफा दे दिया है। जिसके बाद अब यह खिताब आयरलैंड के पास चला गया है।