होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) के एक विज्ञापन में ‘मिस्टर सिंह’ से खुद देश छोड़कर जाने के लिए कहा गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। अधिकार समूहों ने इसे नस्लवादी और अमेरिका-विरोधी बताया।
वीडियो में क्या है?
एक्स पर इससे संबंधित पोस्ट में एक छोटा वीडियो क्लिप दिखाया गया है जिसमें ट्रांसफॉर्मर्स फ्रैंचाइजी का मुख्य खलनायक मेगाट्रॉन, एलियंस की रिहाई के लिए बातचीत कर रहा है। ह शब्द अमेरिकी प्रशासन विदेशी नागरिकों के लिए इस्तेमाल करता है।
मेगाट्रॉन को ट्रक ड्राइवरों हरजिंदर सिंह, राजिंदर कुमार, बेकजान बेशेकीव, अखरोर बोजोरोव और जसवीर सिंह की रिहाई की कोशिश करते हुए दिखाया गया है, जो सड़क दुर्घटनाओं और अन्य अपराधों में शामिल थे।
एक अन्य पोस्ट में ट्रांसफॉर्मर्स फ्रैंचाइजी के मुख्य नायक ऑप्टिमस प्राइम को दिखाया गया है, जिसके हाथ पर डीएचएस का एक बैज लगा है। वह भूरी दाढ़ी वाले व्यक्ति का सामना करते हुए संदेश दे रहा है। 'खुद देश छोड़ दें या अंजाम भुगतें'
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने क्या कहा?
विज्ञापन में मिस्टर सिंह का जिक्र किए जाने की आलोचना हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन और सिख कोएलिशन जैसे संगठनों ने की है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'सिंह' हिंदू भी होते हैं, सिख भी और अमेरिकी भी। वे गाड़ी भी चलाते हैं। डीएचएस की तरफ से नस्लवादी, गैर-अमेरिकी और भारत-विरोधी प्रोफाइलिंग/ट्रोलिंग हमारे देश की सामूहिक अंतरात्मा को झकझोर देने वाली है।'
एचएएफ ने असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल हरमीत के. ढिल्लों और एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल को टैग करते हुए कहा, 'यह एक फेडरल एजेंसी की भेदभावपूर्ण पोस्ट है जो राजनीतिक संदेश से कहीं आगे की बात है। हम इसकी जांच की मांग करते हैं।'
सिख कोएलिशन ने क्या कहा?
सिख कोएलिशन ने एकस पर एक पोस्ट में कहा, '9/11 के 25 साल बाद भी, सिखों को उनके रूप-रंग की वजह से निशाना बनाया जा रहा है और उनकी प्रोफाइलिंग की जा रही है।' सिख कोएलिशन ने कहा, 'अमेरिका में लाखों सिखों का सरनेम 'सिंह' है, जिसका मतलब है शेर। हम सिख के तौर पर अपनी पहचान बताने में निडर रहते हैं। तब भी जब हमारी सरकार हमें दुश्मन के तौर पर दिखाती है।'
यह विवाद डीएचए के 'सीबीपी होम' प्रोग्राम को बढ़ावा देने वाले अभियान के दौरान सामने आया है। इस प्रोग्राम के तहत, योग्य और बिना दस्तावेज वाले प्रवासी अपनी मर्जी से अमेरिका छोड़ने के इरादे का रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। डीएचए के अनुसार, जो लोग खुद देश छोड़ने (सेल्फ-डिपोर्टेशन) के लिए रजिस्ट्रेशन कराते हैं। उन्हें यात्रा में मदद और 2,600 अमेरिकी डॉलर का एग्जिट बोनस मिल सकता है।