पाकिस्तान के पांच डॉक्टरों ने बताया कि कोकीन लेते हैं इमरान
पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर ने आधिकारिक तौर पर कहा कि उनके देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान कोकीन का सेवन करते हैं। उन्होंने कहा कि इमरान खान को जब गिरफ्तार किया गया तो पाकिस्तानी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के डॉक्टरों की टीम ने उनके यूरिन का सैंपल लिया था। इस सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि इमरान खान को नशे की बहुत बड़ी लत है। स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर कहते हैं कि इमरान खान नशे के लिए कोकीन लेते हैं। उनके नशा करने की हालत इतनी है कि उसका असर अब उनके मानसिक संतुलन पर भी पड़ने लगा है। विदेशी मामलों के जानकार कर्नल राजेंद्र नाथ कहते हैं कि समूची दुनिया में पाकिस्तान एक ऐसा देश है जहां की आबादी सबसे ज्यादा नशा करती है। वह कहते हैं कि अगर इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट में इस बात का जिक्र हुआ है तो कोई हैरानी की बात नहीं है। उनका कहना है कि पाकिस्तान अपने ही बनाए हुए उस जाल में फंसने लगा है जिससे वह अपने पड़ोसी मुल्कों को अलग-अलग तरीकों से परेशान करने की कोशिश करता आया है।
पाकिस्तान की तकरीबन दस फीसदी आबादी नशेड़ी
संयुक्त राष्ट्र में काम कर चुके एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि यूनाइटेड नेशन में ड्रग्स एंड क्राइम रिपोर्ट पाकिस्तान को लेकर चौंकाने वाली है। यूएनओडीसी एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान की तकरीबन 10 फीसदी आबादी नशा करती है। आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्तान में तकरीबन दो करोड़ लोग नशे की गिरफ्त में हैं। जबकि तकरीबन 70 लाख लोग दवाओं या अन्य जरूरत के लिहाज से ड्रग्स का इस्तेमाल करते हैं। मेडिकल जर्नल ऐलसेवियर की एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में भी नशे की लत धूम्रपान से शुरू होती है और फिर भांग अफीम, चरस, गांजा और हेरोइन तक पहुंचती जाती है। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में सालाना 50 टन हेरोइन की खपत होती है। आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्तान में करीब 2 बिलियन डॉलर का अवैध नशे का सालाना कारोबार होता है। पाकिस्तान में ड्रग्स के कारोबार को लेकर उनकी सरकार के जारी आंकड़े बताते हैं कि अफगानिस्तान से लगते हुए राज्यों में सबसे ज्यादा नशेड़ी लोग पाए जाते हैं।
पाकिस्तानी सेना और आईएसआई करवाती है ड्रग पेडलिंग
पूर्व राजनयिक एसएन तोमर कहते हैं कि पाकिस्तान दुनिया का इकलौता ऐसा देश है जहां सबसे ज्यादा नशेड़ी पाए जाते हैं। उनका कहना है कि जिस देश में इस तरह का नशा खुलेआम हो रहा हो वहां पर अगर उनके पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिपोर्ट में नशे की पुष्टि होती है तो यह किसी भी देश की बर्बाद हो रही स्थिति को बताने के लिए पर्याप्त है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो से जुड़े रहे एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि साउथ एशिया में पाकिस्तान को ड्रग की तस्करी का सबसे बड़ा हब बनाया गया है। इस पूरे कॉन्टिनेंट में पाकिस्तान के माध्यम से नशे को अवैध रूप से दूसरे देशों में भेजने की जिम्मेदारी पाकिस्तानी सेना और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई लेती है। उक्त अधिकारी का कहना है कि दूसरे देशों को बर्बाद करने के लिए तैयार किए गए जाल में पाकिस्तान खुद फंसता चला गया।
अफगानिस्तान से 110 टन सालाना हेरोइन आती है तस्करी के लिए
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी मानते हैं कि अफगानिस्तान में तैयार की गई हीरोइन को जब पाकिस्तान के रूट से दुनिया के अलग-अलग देशों में भेजने की तैयारी होती है तो उसके पेडलर लगातार पाकिस्तान के अलग-अलग राज्यों और शहरों में भी नशे की खेप को पहुंचाते हैं। चूंकि यह पेडलर स्थानीय स्तर के होते हैं जो नशे के धंधे में पड़कर खुद नशे के आदी हो जाते हैं। उनका कहना है कि अगर पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री यह दावा कर रहे हैं कि उनके देश के पूर्व प्रधानमंत्री कोकीन का नशा करते थे तो यह पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी फजीहत वाली बात है। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए शोध और यूनाइटेड नेशन की रिपोर्ट बताती है कि पाकिस्तान दुनिया में सबसे ज्यादा नशा करने वाला देश है। वो कहते हैं कि पाकिस्तान के माध्यम से अफगानिस्तान सलाना औसतन 110 टन हीरोइन की तस्करी का प्लान तैयार करता है। इसमें से तकरीबन 50 टन हीरोइन तो पाकिस्तान अपने देश में ही लोगों को नशेड़ी बनाने के लिए सप्लाई कर देता है।
इमरान के क्रिकेट करियर पर भी उठ रहे बड़े सवाल
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की नशे की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद अब पाकिस्तान में सवाल इस बात के भी उठने लगे हैं क्या इमरान खान अपने क्रिकेट के दौर में भी नशा करते थे। पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक जानकर अब्दुल रहमान नाजिम कहते हैं कि जिस तरीके से खिलाड़ियों में नशे का चलन और डोप लेने की शिकायतें और रिपोर्ट की पुष्टि पहले होती रही है उससे यह सवाल तो उठता ही है कि क्या पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अपने क्रिकेट के दौर में भी ड्रग्स लेते थे। नाजिम का कहना है कि पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री की ओर से दिया गया बयान झूठ तो नहीं हो सकता है। जिस तरीके से पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उससे तो यही लगता है कि पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान बहुत लंबे वक्त से नशे के आदी हैं। वह कहते हैं कि इमरान के समूचे क्रिकेट कैरियर को अब संदिग्ध नजरों से भी देखा जाएगा।