श्रीलंका में अरुगम खाड़ी के पूर्वी तट सर्फिंग रिसॉर्ट में इस्राइली पर्यटकों पर हमले की साजिश मामले में कई और संदिग्धों की पहचान हुई है। इस मामले में पुलिस तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। खतरे को देखते हुए अमेरिका और ब्रिटेन ने भी अपने नागरिकों को सतर्क किया है।
श्रीलंकाई पुलिस ने पर्यटक स्थलों पर हमले की योजना बना रहे और भी संदिग्धों की पहचान की है। पुलिस ने कोलंबो मजिस्ट्रेट की अदालत से अब तक गिरफ्तार किए गए तीन लोगों की हिरासत बढ़ाने और उनसे पूछताछ करने की अनुमति मांगी है।
विज्ञापन
श्रीलंका पुलिस को बीते शुक्रवार को भारतीय खुफिया एजेंसी से पर्यटक स्थलों पर हमले की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने अरुगम खाड़ी के पूर्वी तट सर्फिंग रिसॉर्ट में इस्राइली पर्यटकों पर हमले की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के आतंकवाद जांच प्रभाग (टीआईडी) द्वारा गिरफ्तार किए गए संदिग्ध श्रीलंकाई नागरिक हैं।
पुलिस ने हमले की योजना बना रहे और संदिग्धों की पहचान की
पुलिस ने सोमवार को कोलंबो मजिस्ट्रेट की अदालत को बताया कि योजना से जुड़े और भी संदिग्धों को गिरफ्तार करने की जरूरत है। टीआईडी ने पर्यटक स्थलों पर हमले की योजना बना रहे और भी संदिग्धों की पहचान की है।
विज्ञापन
टीआईडी ने अदालत से गिरफ्तार लोगों की और हिरासत मांगी
टीआईडी ने अदालत से तीन गिरफ्तार लोगों को और अधिक समय के लिए हिरासत में रखने की अनुमति मांगी। अधिकारियों ने अदालत को बताया कि पिछले महीने संभावित आतंकी हमले की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। तीन लोगों को जांच के लिए हिरासत में रखा गया है।
अमेरिका-ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए जारी की चेतावनी
बीते बुधवार को कोलंबो में अमेरिकी दूतावास और ब्रिटिश उच्चायोग ने अपने नागरिकों को चेतावनी जारी की। दोनों देशों ने अपने नागरिकों को अरुगम खाड़ी पर संभावित हमले के प्रति आगाह किया है। अमेरिका और ब्रिटेन ने अपने नागरिकों को इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल का दौरा न करने की सलाह दी है। इस क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।