पाकिस्तान के ननकाना साहिब में भीड़ ने सिखों के पवित्र स्थल ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर पथराव कर दिया और सिखों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके कारण पहली बार भजन-कीर्तन रद्द करना पड़ा।
घटना पर विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा, भारत धार्मिक स्थल में पथराव और तोड़फोड़ की कड़ी निंदा करता है। घटना में दोषियों के खिलाफ पाकिस्तान सरकार सख्त कार्रवाई करे। पवित्र ननकाना साहिब गुरुद्वारे को सुरक्षित व संरक्षित करने को हर संभव उपाय करना चाहिए। हम पाकिस्तान सरकार से मांग करते हैं कि सिख समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने को तत्काल कदम उठाए जाएंगे।
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पाकिस्तानी पीएम इमरान खान से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने हमले की निंदा करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी से दखल की अपील की है।
दिल्ली के विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए पाकिस्तानी पीएम इमरान खान से तुरंत कार्रवाई की मांग की। सिरसा ने कहा, गुरुद्वारे पर हमले के बाद पाकिस्तान में सिख समुदाय में दहशत का माहौल है। कई पाकिस्तानी सिख फोन कर डर जता रहे हैं। इस बीच, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और अकाली दल ने शनिवार को पाकिस्तानी दूतावास के बाहर प्रदर्शन करने का एलान किया है।
गुरुद्वारे के ग्रंथी का आरोप है कि उनकी बेटी जगजीत का कुछ लोगों ने अपहरण कर जबरन निकाह कराया। वहीं, एक वीडियो में लड़की ने मर्जी से धर्मांतरण का दावा किया। मोहम्मद हसन के परिवार ने कहा, मर्जी से इस्लाम कबूलने और शादी के बावजूद सिख समुदाय ने हंगामा किया।