ईशनिंदा का आरोप : मानसिक रूप से विक्षिप्त की हत्या के मामले में 85 गिरफ्तार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के खानेवाल जिले के एक गांव में मानसिक रूप से विक्षिप्त एक शख्स की ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में कम से कम 85 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। द न्यूज इंटरनेशनल ने प्रांतीय पुलिस के हवाले से बताया कि वीडियो फुटेज की मदद से रविवार को गिरफ्तारी और पहचान का काम चलता रहा।
यह घटना जंगल डेरा गांव में हुई जब सैकड़ों स्थानीय लोग मगरिब की नमाज के बाद एकत्र हुए और उन्होंने कुरान के पन्नों को फाड़ने वाले संदिग्ध को पेड़ से लटका दिया। इसके बाद उन्होंने उस शख्स को ईंटों से तब तक मारा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने जब अपनी बेगुनाही का दावा किया तो उसकी बात सुनने को कोई राजी नहीं हुआ।
भीड़ ने इस शख्स को पुलिस हिरासत से पकड़ा था। इस बीच, एक थिंक टैंक (सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज) ने बताया कि 1947 के बाद से देश में ईशनिंदा के कुल 1,415 मामले हुए हैं। इनमें 70 फीसदी से अधिक आरोपी पंजाब से रिपोर्ट किए गए।