यमन के हूती विद्रोहियों की तरफ से छोड़े गए एक मिसाइल ने रविवार को इस्राइल के मुख्य हवाई अड्डे 'बेन-गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट' पर हड़कंप मचा दिया। इस हमले के बाद हवाई, सड़क और रेल यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। इस बीच इस्राइल के शीर्ष मंत्री गाजा युद्ध को और तेज करने के फैसले पर वोटिंग करने वाले हैं।
🚨Sirens sounded across Israel due to a projectile launch from Yemen pic.twitter.com/ZxgypYMEJp
इस मामले में एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, '4 मई 2025 को दिल्ली से तेल अवीव जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI139 को आज सुबह बेन गुरियन एयरपोर्ट पर हुई घटना के बाद अबू धाबी की ओर मोड़ दिया गया। फ्लाइट अबू धाबी में सामान्य रूप से उतरी है और जल्द ही दिल्ली वापस लौटेगी। नतीजतन, हमारे ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, तेल अवीव से हमारी उड़ानें तत्काल प्रभाव से 6 मई 2025 तक निलंबित रहेंगी। ग्राउंड पर हमारा स्टाफ ग्राहकों की सहायता कर रहा है और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करने में मदद कर रहा है। 4 से 6 मई 2025 के बीच वैध टिकटों के साथ हमारी उड़ानों पर बुक किए गए ग्राहकों को पुनर्निर्धारण पर एक बार की छूट या रद्दीकरण के लिए पूर्ण धन वापसी की पेशकश की जाएगी। हम दोहराना चाहेंगे कि एयर इंडिया में, हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।'
इस्राइल का पलटवार का एलान
इस्राइली पुलिस ने कहा कि हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। वहीं, इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने चेतावनी दी, 'जो हमें नुकसान पहुंचाएगा, हम उसे सात गुना ज्यादा नुकसान पहुंचाएंगे।' बता दें कि, यमन के हूती विद्रोहियों ने भी वीडियो बयान में इस हमले की जिम्मेदारी ली है। हूती प्रवक्ता ने कहा कि उन्होंने एयरपोर्ट पर एक 'हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल' दागी थी। हूती विद्रोही अक्तूबर 2023 से गाजा में चल रहे युद्ध के दौरान इस्राइल पर हमले कर रहे हैं। हालांकि ज्यादातर मिसाइलें इस्राइल ने हवा में ही रोक ली हैं, लेकिन कुछ मिसाइलें नुकसान पहुंचा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें - Pahalgam Attack: दुश्मनों की खैर नहीं; भारतीय सेना को मिली रूसी मूल की इग्ला-एस मिसाइल, 90 और खरीदने की तैयारी