न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने बुधवार को कहा कि उन्होंने आव्रजन मंत्री को एक अधीनस्थ कर्मचारी के साथ अनैतिक संबंध रखने के कारण पद से हटा दिया है। अर्डर्न ने कहा कि आव्रजन मंत्री इयान लीस-गैलोवे का एक महिला के साथ लगभग एक साल तक प्रेम संबंध रहा। यह महिला उनके अधीन एजेंसियों में से एक में काम करती थी। बाद में इस महिला को मंत्री लीस-गैलोवे के कार्यालय में नियुक्त किया गया।
लीस-गैलोवे (41) ने कहा कि उन्हें अर्डर्न का फैसला स्वीकार है और उन्होंने अपने किए के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह सितंबर में होने वाले आम चुनाव में भी खड़े नहीं होंगे। लीस-गैलोवे ने बयान में कहा, मैंने अपने पद पर रहते हुए पूरी तरह अनुचित तरीके से काम किया और मैं मंत्रिपद पर नहीं रह सकता।