केरल के कोच्चि के पास मिनी कूपर कार की टक्कर से तीन युवाओं की मौत के मामले में अदालत ने चार आरोपियों को 15 अक्टूबर शाम पांच बजे तक पुलिस हिरासत में भेजा है। कार चालक सुहैल पर शराब के नशे में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का आरोप है। मामले में कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। हादसे के समय क्या हुआ था और जांच में अब कौन से तथ्य सामने आएंगे? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
केरल के कोच्चि के पास मिनी कूपर कार से हुए हादसे में तीन युवाओं की मौत के मामले में अदालत ने चार आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अंगमाली की अदालत ने बुधवार को आरोपियों की हिरासत 15 अक्तूबर को शाम पांच बजे तक मंजूर की। पुलिस अब उनसे हादसे को लेकर आगे पूछताछ करेगी। इस मामले में 19 वर्षीय सुहैल भी आरोपी है, जो कथित तौर पर शराब के नशे में तेज रफ्तार से मिनी कूपर चला रहा था। हादसे में करीब 21 साल के तीन युवाओं, जिनमें दो महिलाएं थीं, की मौत हो गई थी।
कैसे हुआ था मिनी कूपर हादसा, जिसमें तीन युवाओं की मौत हुई?
यह हादसा रविवार तड़के कोच्चि के पास नेदुंबस्सेरी में हुआ था। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार मिनी कूपर कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में करीब 21 साल के तीन युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं शामिल थीं। कार को 19 वर्षीय सुहैल चला रहा था। आरोप है कि वह शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद कराई गई चिकित्सकीय जांच में उसके खून में शराब की मात्रा काफी अधिक होने की बात सामने आने की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी लगाईं। हालांकि, मामले में आरोपियों के खिलाफ आरोपों की जांच जारी है और अदालत में दोष साबित होना बाकी है।