मिकी होथी बने कैलिफोर्निया की लोदी सिटी के सिख मेयर
- फोटो : twitter
अमेरिका में भारतवंशी छाए हुए हैं। विभिन्न कंपनियों व विभागों के बाद अब कैलिफोर्निया की लोदी सिटी के मेयर पद पर भी भारतवंशी चुना गया है। भारतीय मूल के माता-पिता के पुत्र मिकी होथी उत्तरी कैलिफोर्निया प्रांत के लोदी सिटी के सर्वसम्मति से महापौर चुने गए हैं।
लोदी सिटी के इतिहास में पहली बार कोई सिख शीर्ष पद के लिए निर्वाचित हुआ है। होथी ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि वे लोदी शहर के 117वें मेयर के रूप में शपथ ग्रहण कर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय समाचार पत्र 'द लोदी न्यूज-सेंटिनल' ने बताया कि आर्मस्ट्रांग रोड पर गुरुद्वारे की स्थापना में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान था।
2008 में टोके हाई स्कूल से स्नातक होथी ने कहा कि शहर का मेयर बनना बड़ी चुनौती थी, खासकर 9/11 हमले के बाद, जब कई मुसलमानों और सिखों ने अमेरिका में उत्पीड़न का अनुभव किया। होथी के माता-पिता भारत के पंजाब प्रांत के हैं। उन्होंने बताया कि उनका परिवार लोदी शहर में फला-फूला। वे कई व्यवसाय के मालिक और उद्यमी बने जो आज भी सफल कंपनियों का प्रबंधन करते हैं।
होथी पहले मेयर मार्क चांडलर के अधीन डिप्टी मेयर के रूप में कार्यरत थे। होथी दो साल के लिए मेयर चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि हर कोई लोदी शहर आया क्योंकि उन्हें अहसास हुआ कि यह सुरक्षित और पारिवारिक शहर है। मिकी होथी पहली बार 2020 में लोदी नगर परिषद के लिए चुने गए थे। लोदी सिटी की आबादी 67,021 है। यह कैलिफोर्निया के सैन जोकिन काउंटी में स्थित है।