प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल)
- फोटो : एएनआई
पर्यावरण को बचाने की पहल में प्रवासी समुदाय को शामिल करने के लिए यहां स्थित भारतीय मिशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है। भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने विभिन्न सामुदायिक और सांस्कृतिक संगठनों के सहयोग से जुलाई में इन कार्यक्रमों का आयोजन किया।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस (पांच जून) पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का लक्ष्य भारत में सरकार और समाज के सामूहिक प्रयास से सितंबर 2024 तक 80 करोड़ पेड़ और मार्च 2025 तक एक अरब 40 करोड़ पेड़ लगाना है। प्रधानमंत्री ने भारत और विश्व भर में सभी लोगों से प्रकृति को श्रद्धांजलि स्वरूप एक पेड़ लगाने का आग्रह किया। वाणिज्य दूतावास ने कई पौधरोपण कार्यक्रम और एक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की।
इन कार्यक्रमों में स्थानीय समुदाय और प्रवासी भारतीय शामिल हुए तथा पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक तौर पर काम करने के महत्व पर जोर दिया गया। वाणिज्य दूतावास ने छात्रों और भारतीय अमेरिकी समुदाय के सहयोग से छह स्थानों पर व्यापक तौर पर पौधारोपण अभियान चलाया।
पर्यावरण संरक्षण में योगदान को प्रोत्साहन
मिशन की तरफ से ‘हैशटैग’ एक पेड़ मां के नाम विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने बड़े उत्साह पूर्वक भाग लिया। महावाणिज्य दूत डी सी मंजूनाथ ने बताया कि इन आयोजनों के माध्यम से भारतीय मिशन स्थानीय समुदाय और प्रवासी समूहों को इन पहल में शामिल होने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करता है।