गाजा पट्टी में इस्राइली हमलों में पिछले कुछ दिनों से तेजी आ गई है, वहीं बीते 24 घंटों में इस्राइली हमलों 61 फलस्तीनियों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्ध में अब तक 50 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और 1.13 लाख से ज्यादा घायल हुए हैं।
मिस्र ने संघर्षविराम का नया प्रस्ताव दिया
मिस्र ने इस्राइल और हमास के बीच शांति बहाल करने के लिए नया प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव के तहत, हमास पांच जीवित बंधकों को रिहा करेगा, जिनमें एक अमेरिकी-इस्राइली नागरिक भी शामिल है। इसके बदले में, इस्राइल गाजा में मानवीय सहायता की अनुमति देगा और कई फलस्तीनी कैदियों को छोड़ेगा। हमास ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
यह भी पढ़ें -
MPs salary hike: सांसदों के वेतन और पेंशन में बढ़ोतरी, केंद्र ने जारी की अधिसूचना; जानें अब कितनी होगी सैलरी
रफाह में हजारों लोग फंसे
इस्राइली सेना ने गाजा के दक्षिणी शहर रफाह के एक हिस्से को घेर लिया है, जिससे हजारों लोग वहां फंसे हुए हैं। इस्राइल ने टेल अल-सुल्तान इलाके को खाली करने का आदेश दिया, लेकिन स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि अभी भी हजारों लोग वहां फंसे हुए हैं, जिनमें राहत और बचाव कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
स्कूल पर हमला, चार लोगों की मौत
इस्राइली हमले में एक स्कूल को निशाना बनाया गया, जहां विस्थापित लोग शरण लिए हुए थे। इस हमले में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। इस्राइल का कहना है कि वह केवल आतंकियों को निशाना बनाता है, लेकिन नागरिकों की मौत के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया।
यह भी पढ़ें -
Gold Silver Price: यूक्रेन-रूस शांति समझौते की उम्मीद से सोना नरम, ₹700 गिरकर ₹90550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर
अमेरिकी सर्जन ने अस्पताल पर हमले की निंदा की
गाजा में काम कर रहे अमेरिकी डॉक्टर फिरोज सिधवा ने कहा कि इस्राइली हमले में घायल अधिकतर मरीज पहले के हमलों में घायल हुए थे और इलाज करा रहे थे। उनके अनुसार, घायल मरीजों को एक ही युद्ध में दो बार दर्द सहना पड़ रहा है। इस पर इजरायल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा कि उनकी सेना आम नागरिकों को निशाना नहीं बना रही है और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन कर रही है। लेकिन उन्होंने साफ किया कि जब तक हमास बंधकों को नहीं छोड़ता और खतरा बना रहता है, इस्राइल का सैन्य अभियान जारी रहेगा।
उत्तरी इस्राइल में हमले में एक व्यक्ति की मौत
इधर, उत्तरी इस्राइल में एक व्यक्ति ने बस स्टॉप पर लोगों को गाड़ी से कुचलने के बाद गोलीबारी की। इसमें 70 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हमलावर को मार गिराया और इसे आतंकवादी हमला बताया।