अमेरिका के फ्लोरिडा तट की ओर बढ़ रहा माइकल तूफान अब तक के सबसे विनाशकारी और विकराल तूफान के तौर पर याद किया जायेगा। अमेरिका ने फ्लोरिडा की खाड़ी की ओर तेजी से बढ़ रहे माइकल तूफान की तीव्रता को देखते हुए राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने खतरे की कैटेगरी-4 में होने की घोषणा कर दी है। माइकल इस वक्त 210 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फ्लोरिडा की ओर बढ़ रहा है जिसे देखते हुए अमेरिकी सरकार ने 5 लाख लोगों को शहर छोड़ने की चेतावरी जारी कर दी है।
माइकल की कैटगरी-4 की तीव्रता का आलम ये है कि समुद्र में 13 फीट तक की लहरें उठ रही हैं। फ्लोरिडा के तट पर एहतियात के तौर पर 2500 सेना के जवानों को तैनात कर दिया है। राष्ट्रीय तूफान केंद्र के मुताबिक इसी तरह 167 साल पहले वर्ष 1851 में इस तीव्रता का तूफान मापा गया था। तब इस तूफान ने कहर ढा दिया और हजारों जिंदगियां लील गया था।
'अत्यधिक खतरनाक' तूफान में तब्दील हुए माइकल के 'अत्यधिक खतरनाक' तूफान में तब्दील होने की वजह से राष्ट्रीय मौसम सेवा ने फ्लोरिडा के टलाहसी में चेतावनी जारी कर दी है। शहर के पांच लाख लोगों से कहा गया है कि तूफान बेहद भीषण, और बेकाबू है। इसलिए इससे जान बचानी है तो सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं।
फ्लोरिडा के गवर्नर रिक स्कॉट ने भी खासतौर पर अमेरिकी लोगो से कहा कि माइकल तूफान एक भयानक तूफान है और इसका पूर्वानुमान अधिक खतरनाक है। यह जानलेवा खतरा है। उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने राज्य के लिए आपात स्थिति की घोषणा कर दी है और राहत अभियान शुरू करने के लिए संघीय फंड भी जारी किए हैं। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि यह अनिवार्य है कि आप अपने राज्य के अधिकारियों के निर्देशों पर ध्यान दें और उनके आदेशों का पालन करें।