मैक्सिको में संदिग्ध कार्टेल सदस्यों और सुरक्षा बलों के बीच हुई गोलीबारी में 19 लोग मारे गए हैं। यह गोलीबारी उत्तर पूर्वी मैक्सिको के कोएहिला की है। जानकारी के मुताबिक, 10 संदिग्धों ने इस घटना को को अंजाम दिया है। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सात संदिग्ध मारे गए है। इस घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क उठे हैं। उन्होंने कार्टेल सदस्यों को आतंकी करार देने की बात कही है।
यह गोलीबारी अमेरिकी सीमा से सटे विला यूनियन नामक शहर में हुई है। यह स्थान अमेरिका के सीमावर्ती शहर टेक्सास से लगभग 40 मील दूर है। यहां उत्तर-पूर्व में कार्टेल के संदिग्धों और सुरक्षा बलों के बीच लड़ाई छिड़ गई। दोनों पक्षों के बीच लगभग एक घंटे तक गोलीबारी चलती रही।
पुलिस के अनुसार, अधिकारियों ने शक्तिशाली हथियारों के साथ 14 वाहनों को अपने कब्जे में लिया है। यह हमला तब हुआ है जब हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि वे मैक्सिकन कार्टेल को विदेशी आंतकवादी संगठन घोषित करेंगे।
ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी सेना मैक्सिको में घुसकर इन दहशतगर्दों का सफाया करने के लिए पूरी तरह तैयार बैठी है, लेकिन मैक्सिकन सरकार ने ट्रंप के इस प्रस्ताव से इनकार कर दिया था।
मैक्सिको के विदेश मंत्री मार्सेलो एबरार्ड ने कहा कि मैक्सिकन सरकार इस मामले में अमेरिका के साथ संपर्क में थी, लेकिन मैक्सिकन राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लूपेज ओबराडोर ने संकेत दिया है कि वह नहीं चाहते कि अमेरिका हस्तक्षेप करे।
कार्टेल कौन हैं?
संदिग्ध कार्टेल अब मैक्सिको के लिए बड़ी मुश्किल बन चुके हैं। ये अवैध रूप से ड्रग्स का धंधा करते हैं और अगर पुलिस द्वारा इनको रोका जाता है तो यह किसी भी हद तक जा सकते हैं। अमेरिकी सरकार भी इनसे परेशान हैं, क्योंकि ये वहां भी ड्रग्स भेजते हैं, जिससे वहां के युवा नशे की लत में आ रहे हैं। यही कारण है कि डोनाल्ड ट्रंप भी इनको खत्म करना चाहते हैं।