अमेरिकी संस्कृति का हिस्सा बन गई है दिवाली : बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने दीपावली पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दक्षिण एशियाई लोगों ने दिवाली को अमेरिकी संस्कृति के ताने-बाने में इस तरह से बुन दिया है कि यह अब यह इसका एक हिस्सा बन गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, दुनियाभर में जश्न मना रहे हिंदू, व अन्य लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं।
21,500 फीट से छलांग लगाकर शीतल महाजन ने बनाया रिकॉर्ड
प्रसिद्ध भारतीय स्काइडाइवर शीतल महाजन (41) ने सोमवार को माउंट एवरेस्ट के सामने 21,500 फीट की ऊंचाई से हेलिकॉप्टर से सफलतापूर्वक छलांग लगाई। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वे दुनिया की पहली महिला हैं। शीतल चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से सम्मानित हैं।
पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में 100 लोगों की हत्या
पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में 100 से ज्यादा लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। यूरोपीय संघ के एक राजनयिक के मुताबिक बुर्किना फासो के उत्तर-मध्य क्षेत्र के जाओंगो गांव में हुए नरसंहार में महिलाओं और बच्चों सहित लगभग सौ नागरिक मारे गए हैं। हालांकि, इन हत्याओं के लिए जिम्मेदार कौन है, यह यह अभी साफ नहीं है।
एफटीए पर फोकस कर रहे भारत और ब्रिटेन, सहमति की उम्मीद : जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा कि भारत-ब्रिटेन रिश्तों में मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर पूरी तरह फोकस किया जा रहा है। भारत को पूरी उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच बातचीत की प्रक्रिया के दौरान ऐसे बिंदुओं पर सहमति बन जाएगी जो दोनों देशों के लिए लाभकारी होंगे। विदेश मंत्री इस समय पांच दिवसीय दौरे पर लंदन में हैं। उन्होंने भारतीय उच्चायोग की तरफ से सोमवार शाम आयोजित दिवाली पार्टी में बड़ी संख्या में जुटे भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय समुदाय को भारत में तकनीकी प्रगति और सामाजिक-आर्थिक विकास की तेज गति के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि भारत और ब्रिटेन का एक लंबा और बहुत जटिल इतिहास है। हम जो करने की कोशिश कर रहे हैं वह इतिहास को हमारी समानताओं, के साथ एक सकारात्मक शक्ति बनाना है।
जल्द हो सकती है 14वें दौर की वार्ता
भारत-ब्रिटेन के बीच एफटीए पर वार्ता के 13 दौर हो चुके हैं। अधिकारियों को करार इसी साल पूरा होने की उम्मीद थी। हालांकि, ऐसा मानना है कि 2024 में दोनों देशों के आम चुनावों से पहले ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण और पेशेवरों की आवाजाही पर मतभेदों को दूर कर लिया जाएगा। नई दिल्ली में एक अधिकारी ने कहा कि 14वें दौर की वार्ता के लिए ब्रिटेन की टीम जल्द ही यहां आ सकती है।