डोमिनिकन गणराज्य में मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) सुबह एक नाइट क्लब की छत गिरने से हाहाकार मच गया। हादसा मेरेंग्यू कॉन्सर्ट के दौरान हुआ, जिसमें राजनेताओं, एथलीटों और अन्य लोगों ने भाग लिया था। हादसे में करीब 100 लोगों की मौत हुई है, जबकि 160 लोग घायल हुए हैं। मलबे में दबे संभावित जिंदा लोगों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
आपातकालीन संचालन केंद्र के निदेशक जुआन मैनुअल मेंडेज के अनुसार, हादसा सैंटो डोमिंगो में एक मंजिला जेट सेट नाइट क्लब में हुआ। उन्होंने कहा कि बचाव दल मलबे में दबे संभावित जिंदा लोगों की तलाश कर रहा है। लोगों की तलाश में अथक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाइट क्लब की छत गिरने के करीब 12 घंटे बाद भी बचाव दल मलबे में दबे जिंदा लोगों को निकाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मी कंक्रीट के ब्लॉक हटाने का काम कर रहे हैं। भारी मलबे को उठाने के लिए लकड़ी के टुकड़ों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कंक्रीट तोड़ने के लिए ड्रिलिंग की जा रही है।
पहले मेंडेज ने कहा था- मरने वालों की संख्या 66 पहुंची
इससे पहले, मेंडेज ने कहा था कि मरने वालों की संख्या 66 तक पहुंच गई है, जबकि कम से कम 160 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम मलबे में दबे कुछ लोगों की आवाजें सुन रहे हैं। बचाव दल क्लब में तीन क्षेत्रों को प्राथमिकता दे रहा है।
ये भी पढ़ें: Taiwan Quake: म्यांमार-थाईलैंड में मची तबाही के बीच अब ताइवान में कांपी धरती, भूकंप के तेज झटकों से दहशत में लोग
हादसे में इन हस्तियों की भी हुई मौत
नाइट क्लब की छत गिरने के बाद, डोमिनिकन गणराज्य के प्रोफेशनल बेसबॉल लीग ने एक्स पर एक पोस्ट किया। जिसमें बताया गया कि हादसे में 51 वर्षीय एमएलबी पिचर ऑक्टेवियो डोटेल की भी मौत हो गई। अधिकारियों ने डोटेल को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। लीग के प्रवक्ता सोस्की टेरेरो के अनुसार, हादसे में डोमिनिकन बेसबॉल खिलाड़ी टोनी एनरिक ब्लैंको कैबरेरा की भी जान चली गई। हादसे में राष्ट्रीय विधायक ब्रे वर्गास घायल हो गए।
मेरेंग्या गायक रूबी पेरेज की तलाश जारी
हादसे के बाद से मेरेंग्या गायक रूबी पेरेज भी गायब हैं। हालांकि, छत गिरने के समय उनके रिश्तेदारों ने कहा था कि उन्हें बचा लिया गया है, लेकिन आपातकालीन संचालन केंद्र के निदेशक मेंडेज ने इस बात को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बचाव दल अभी भी पेरेज की तलाश कर रहे हैं। पेरेज के मैनेजर एनरिक पॉलिनो ने बताया कि कॉन्सर्ट आधी रात को शुरू हुआ और लगभग एक घंटे बाद ही छत गिर गई। हादसे में उनके समूह के सैक्सोफोनिस्ट की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना बहुत जल्दी हुई। घटना के वक्त वह एक कोने में छिप गए, उन्हें लगा था कि भूकंप आया है।
ये भी पढ़ें: US: अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में सामूहिक गोलीबारी, तीन की मौत, तीन अन्य घायल; जांच में जुटी पुलिस
छत गिरने के कारणों का नहीं चला पता
नाइट क्लब की छत गिरने के कारणों का तुरंत पता नहीं चल पाया है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि जेट सेट बिल्डिंग का आखिरी बार कब निरीक्षण किया गया था। इस बीच, क्लब ने एक बयान जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि वह अधिकारियों का सहयोग कर रहे हैं। क्लब की ओर से बताया गया है कि जब हादसा हुआ, उस समय क्लब के मालिक एंटोनियो एस्पैलेट देश में नहीं थे। हादसे का पता लगने के बाद वह मंगलवार देर रात वापस लौट आए। उन्होंने कहा, 'इस घटना से जो दुख पहुंचा है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जो कुछ हुआ, वह सभी के लिए विनाशकारी है।'
संबंधित वीडियो