पाकिस्तान में मंगलवार को आए भूकंप से मरनेवालों की संख्या बुधवार को बढ़ कर 30 हो गई। वहीं, 370 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। मरनेवालों की संख्या और बढ़ सकती है। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार मंगलवार को आए भूकंप का केंद्र पीओके में न्यू मीरपुर के पास था और इसकी तीव्रता 5.8 मापी गई थी।
‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों के हवाले से अपनी खबर में मंगलवार शाम करीब चार बजे आए भूकंप में कम से कम 30 लोगों के मारे जाने और 370 से अधिक के घायल होने की जानकारी दी है। पीओके के राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के सचिव शाहिद मोहिद्दीन के हवाले से कहा गया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 100 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है।
कोहाट, चारसद्दा, कसूर, फैसलाबाद, गुजरात, सियालकोट, ऐबटाबाद, मनसेहरा, चित्राल, मलकंद, मुल्तान, ओकारा, नौशेरा, अटक और झंग सहित कई शहरों में भूकम्प के झटके महसूस किये गये थे।
संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने न्यूयार्क गये प्रधानमंत्री इमरान खान ने लोगों की मौत पर दुख जताया था। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को भूकम्प प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने भी शोक प्रकट किया।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने पीओके में नागरिक प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए तुरंत राहत और बचाव कार्य चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सेना के जवान चिकित्सा सहायता दलों के साथ मदद में लगे हैं।